प्रधानमंत्री मोदी ने किया दिल्ली-मेरठ नमो भारत रैपिड रेल संपूर्ण कॉरिडोर व मेरठ मेट्रो का लोकार्पण
भूमेश शर्मा
मेरठ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को दिल्ली–मेरठ नमो भारत रैपिड रेल के संपूर्ण कॉरिडोर और मेरठ मेट्रो का लोकार्पण कर पश्चिमी यूपी को अत्याधुनिक कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात दी। कार्यक्रम में मौजूद योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री को “नए और आधुनिक भारत का शिल्पी” बताते हुए कहा कि उनके ‘विकसित भारत’ विजन की वैश्विक स्तर पर सराहना हो रही है और इन्फ्रास्ट्रक्चर के माध्यम से भारत की ताकत स्पष्ट दिखती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी मेरठ से दिल्ली की दूरी तय करने में चार–पांच घंटे लग जाते थे, लेकिन अब एक्सप्रेसवे, नमो भारत और मेट्रो जैसी परियोजनाओं ने इसे 45–50 मिनट तक समेट दिया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकास कार्यों की जितनी समीक्षा प्रधानमंत्री करते हैं, उतनी कोई मंत्री भी अपने विभाग की नहीं करता। हाल ही में इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की 50वीं मॉनिटरिंग बैठक इसका प्रमाण है।
12,930 करोड़ की परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री ने करीब 12,930 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं। दिल्ली के सराय काले खां से न्यू अशोक नगर (5 किमी) और मेरठ साउथ से मोदीपुरम (21 किमी) खंड के उद्घाटन के साथ पूरा दिल्ली–मेरठ कॉरिडोर चालू हो गया। मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किमी लंबी मेरठ मेट्रो भी जनता को समर्पित की गई। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ने मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक मेट्रो में सफर कर यात्रियों, दिव्यांग बच्चों, छात्रों और मेडिकल विद्यार्थियों से संवाद भी किया।
‘डिजिटल इंडिया’ और वैश्विक सराहना
सीएम योगी ने नई दिल्ली में हुए एआई समिट का उल्लेख करते हुए कहा कि कई देशों के प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री के विजन की प्रशंसा की। उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों के उस वक्तव्य का जिक्र किया, जिसमें भारत की डिजिटल पहचान और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं की सराहना की गई थी। मुख्यमंत्री के अनुसार, 140 करोड़ लोगों की डिजिटल पहचान और करोड़ों परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा देना भारत की बड़ी उपलब्धि है।

खेल विश्वविद्यालय और जेवर एयरपोर्ट का निमंत्रण
मुख्यमंत्री ने मेरठ में बन रहे मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय और लगभग तैयार Noida International Airport के लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री को आमंत्रित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों की इच्छा है कि इन परियोजनाओं का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री के कर-कमलों से हो। साथ ही नोएडा मेट्रो के नए रूट के शिलान्यास और भविष्य में उसके लोकार्पण का अनुरोध भी किया।
क्रांतिकारी धरती को नमन
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने मेरठ की ऐतिहासिक भूमिका का स्मरण करते हुए क्रांतिनायक धन सिंह गुर्जर, राव कदम सिंह, शाहमल और मातादीन वाल्मीकि को नमन किया। उन्होंने कहा कि यह धरती प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की साक्षी रही है और अब आधुनिक विकास की नई इबारत लिख रही है।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री, सांसद और प्रदेश सरकार के कई मंत्री व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। नमो भारत और मेरठ मेट्रो के संचालन के साथ ही पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तेज, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन के नए युग की शुरुआत मानी जा रही है।