February 27, 2026

कैंसर से जंग हार गए रिंकू सिंह के पिता, क्रिकेट जगत में शोक की लहर!

0
0
0

टी-20 विश्वकप के बीच टूटा दुखों का पहाड़

गंभीर हालत की सूचना मिलते ही टीम छोड़कर घर लौटे थे रिंकू

NEWS1UP

संवाददाता

ग्रेटर नोएडा।भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज़ रिंकू सिंह के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता खानचंद्र सिंह का कैंसर से लंबी जंग के बाद निधन हो गया। उन्होंने ग्रेटर नोएडा स्थित यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। वह स्टेज-4 लिवर कैंसर से पीड़ित थे और पिछले कुछ समय से उनकी हालत बेहद गंभीर बनी हुई थी। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।

टीम इंडिया का साथ छोड़कर लौटे थे रिंकू

पिता की गंभीर स्थिति की सूचना मिलते ही रिंकू सिंह को टीम इंडिया का साथ छोड़कर तुरंत घर लौटना पड़ा था। टी-20 विश्वकप के दौरान एमए चिदंबरम स्टेडियम, चेन्नई में आयोजित एक अभ्यास सत्र में रिंकू हिस्सा नहीं ले पाए थे, जबकि अन्य खिलाड़ी अभ्यास में व्यस्त थे। इसके बाद स्पष्ट हुआ कि उनके पिता की तबीयत नाजुक है और इसी वजह से उन्हें स्वदेश लौटना पड़ा।

कोच ने दी थी जानकारी

हाल ही में टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशु कोटक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया था कि रिंकू अपने पिता की अस्वस्थता के कारण घर गए हैं और उनके जल्द टीम से जुड़ने की उम्मीद है। लेकिन अब पिता के निधन की खबर के बाद यह साफ नहीं है कि रिंकू विश्वकप के आगामी मैचों में हिस्सा ले पाएंगे या नहीं। इस संबंध में फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

संघर्षों से भरा रहा परिवार का सफर

रिंकू सिंह का परिवार लंबे समय तक आर्थिक चुनौतियों से जूझता रहा। उनके पिता ने कठिन परिस्थितियों में परिवार का पालन-पोषण किया और बेटे के क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। रिंकू कई मौकों पर सार्वजनिक रूप से अपने पिता के संघर्ष और समर्थन का जिक्र कर चुके हैं।

पिता के निधन से रिंकू सिंह और उनके परिवार को गहरा आघात पहुंचा है। क्रिकेट जगत और प्रशंसकों की ओर से उन्हें संवेदनाएं दी जा रही हैं।

यह दुखद घटना ऐसे समय आई है जब रिंकू सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि वह कब और किस परिस्थिति में दोबारा टीम से जुड़ेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!