राजनगर एक्सटेंशन में डिवाइडर पर चढ़ी तेज रफ्तार कार, एयरबैग ने बचाई चालक की जान!

0

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। सिटी फॉरेस्ट के सामने तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार डिवाइडर को तोड़ते हुए उस पर चढ़ गई और बीच सड़क पर झूलती रह गई। हादसे का दृश्य देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ब्लैक कलर की ग्रैंड विटारा कार (नंबर UP 14 GF-5162) को एक वरिष्ठ नागरिक चला रहे थे। टक्कर के तुरंत बाद कार के आगे के एयरबैग खुल गए, जिससे चालक को गंभीर चोट लगने से बचाव हो गया। लोगों का कहना है कि यदि एयरबैग समय पर न खुलते तो हादसा जानलेवा साबित हो सकता था।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास मौजूद लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं पाई गई है, हालांकि एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया।

हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारु कराया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार कार की रफ्तार अधिक होने या अचानक नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

स्थानीय लोगों ने राजनगर एक्सटेंशन की मुख्य सड़कों पर बढ़ती तेज रफ्तार और ट्रैफिक प्रबंधन को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि समय रहते प्रभावी कदम न उठाए गए तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!