दिल्ली में विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद की अहम बैठक!
राष्ट्रीय स्तर पर नई जिम्मेदारियों का हुआ वितरण
एमएलसी चंद शर्मा को शिक्षकों को संगठन से जोड़ने की जिम्मेदारी
NEWS1UP
संवाददाता
नई दिल्ली। राजधानी के प्रतिष्ठित पते 6 तुगलक लेन स्थित कोठी पर विश्व ब्राह्मण कल्याण परिषद की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष कलराज मिश्रा ने की। यह बैठक विशेष रूप से राष्ट्रीय पदाधिकारियों के लिए बुलाई गई थी, जिसमें संगठन के विस्तार और जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण पर व्यापक चर्चा हुई।
बैठक में संस्थापक सदस्य के रूप में पंडित पीतांबर शर्मा, डॉ. वंदना वशिष्ठ और मास्टर परमानंद शर्मा उपस्थित रहे। इसके अलावा मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा से आए प्रतिनिधियों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। संगठन को देशव्यापी और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सशक्त बनाने की रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में विभिन्न राज्यों के लिए नई जिम्मेदारियों की घोषणा की गई। एमएलसी चंद शर्मा को शिक्षकों को संगठन से जोड़ने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजस्थान के प्रतिनिधि को राजस्थान और गुजरात का प्रभार दिया गया, जबकि अनूप मिश्रा को मध्य प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई। पंडित पीतांबर शर्मा को उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया, जो पूरे प्रदेश में संगठनात्मक गतिविधियों का संचालन करेंगे।
इस अवसर पर सतीश शर्मा, अरविंद भारद्वाज, यूथ विंग के सर्वेश पांडे और दिल्ली के माधव शर्मा को दिल्ली इकाई का कार्यभार सौंपा गया। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि परिषद का दायरा केवल देश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विदेशों में भी समाज के लोगों को जोड़ने के लिए अभियान चलाया जाएगा। आने वाले समय में संगठन द्वारा कई महत्वपूर्ण घोषणाएं किए जाने की बात कही गई।
बैठक के समापन पर पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा द्वारा भोजन और अन्य व्यवस्थाओं का प्रबंध कराया गया। कार्यक्रम का समापन आपसी सहयोग और संगठन को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।
