February 25, 2026

गाजियाबाद में स्कूल परिसर में घुसा तेंदुआ पकड़ा गया, 7 घंटे चला सर्च ऑपरेशन!

0
0
0
सर्च ऑपरेशन के दौरान सतर्क सुरक्षा जवान

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। शहर के गोविंदपुरम स्थित ग्रीनफील्ड स्कूल में आज तड़के उस समय हड़कंप मच गया जब परिसर में एक तेंदुए के घुस आने की खबर फैली। सूचना मिलते ही इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ स्कूल के बाहर जुटने लगी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कवि नगर पुलिस थाना की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था संभाल ली। साथ ही उत्तर प्रदेश वन विभाग की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया।

करीब सात घंटे से अधिक समय तक चले संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस और वन विभाग की टीम ने बेहद सतर्कता के साथ स्कूल परिसर की तलाशी ली। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए स्कूल के आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया था। स्थानीय नागरिकों से भी सहयोग की अपील की गई।

लंबे सर्च ऑपरेशन के बाद आखिरकार वन विभाग की टीम ने तेंदुए को सुरक्षित तरीके से काबू कर लिया। उसे बेहोश कर पिंजरे में बंद किया गया और सुरक्षित बाहर लाया गया। पिंजरे को पूरी तरह से कवर किया गया था, जिसके चलते मीडिया कर्मियों को भी तेंदुए की तस्वीर लेने का अवसर नहीं मिल सका।

अधिकारियों के अनुसार, तेंदुए को स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जाएगा। फिलहाल इलाके में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है, वहीं प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि भविष्य में ऐसी किसी भी वन्यजीव गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या वन विभाग को दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!