यूपी दिवस बना परंपरा, प्रतिभा और प्रगति का विराट उत्सव, सम्मानित किए गए ‘यूपी के गौरव’
केंद्रीय गृहमंत्री व मुख्यमंत्री ने किया
‘एक जनपद-एक व्यंजन’ (ओडीओसी) का शुभारंभ
पांच जनपदों के जिलाधिकारियों को गृह मंत्री ने किया सम्मानित
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का आयोजन राजधानी लखनऊ के राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर भव्यता, सांस्कृतिक गौरव और विकास के संकल्प के साथ संपन्न हुआ। ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ थीम पर आयोजित इस ऐतिहासिक समारोह में प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत, उद्यमिता, नवाचार और युवा शक्ति का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संयुक्त रूप से कई महत्वाकांक्षी योजनाओं का शुभारंभ किया और प्रदेश का नाम रोशन करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया।

‘एक जनपद–एक व्यंजन’ से हर जिले की नई पहचान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दूरदर्शी पहल के तहत उत्तर प्रदेश के हर जनपद के विशिष्ट व्यंजन को वैश्विक पहचान देने के उद्देश्य से ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ (ODOC) योजना का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर योजना पर आधारित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई, जिसने प्रदेश की विविध पाक-संस्कृति को एक सूत्र में पिरोकर प्रस्तुत किया। अब उत्तर प्रदेश की पहचान केवल भौगोलिक या ऐतिहासिक नहीं, बल्कि उसके स्वाद और परंपरा से भी होगी।

‘यूपी के गौरव’ से सम्मानित हुईं प्रदेश की प्रतिभाएं
मुख्य समारोह में उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाली पांच विशिष्ट हस्तियों को ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान’ से नवाजा गया। प्रत्येक विभूति को 11 लाख रुपये की सम्मान राशि, अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।
सम्मानित होने वाली विभूतियां थीं-
विंग कमांडर शुभांशु शुक्ल – अंतरिक्ष यात्रा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान
अलख पांडेय – शिक्षा, उद्यमिता और स्वावलंबन
सुश्री रश्मि आर्य – शिक्षा एवं नवाचार
डॉ. हरिओम पंवार – साहित्य
डॉ. सुधांशु सिंह – कृषि क्षेत्र
युवाओं के लिए रोजगार और उद्योग का नया अध्याय
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से ‘सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन’ योजना का भी शुभारंभ किया। यह योजना प्रदेश के युवाओं को रोजगार के नए अवसर देने और औद्योगिक विकास को गति प्रदान करने की दिशा में मील का पत्थर मानी जा रही है। योजना पर आधारित लघु फिल्म ने दर्शकों को इसके व्यापक प्रभाव से परिचित कराया।
सीएम युवा योजना में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले डीएम सम्मानित
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान (सीएम युवा) के तहत बेहतर प्रदर्शन करने वाले पांच जनपदों के जिलाधिकारियों को केंद्रीय गृह मंत्री ने सम्मानित किया।
सम्मानित डीएम हैं-
डॉ. दिनेश चंद्र – जौनपुर
रवींद्र कुमार – आजमगढ़
अनुनय झा – हरदोई
अनुपम शुक्ल – अंबेडकरनगर
मृदुल चौधरी – झांसी
संस्कृति के रंग में रंगा ‘संपूर्ण उत्तर प्रदेश’
कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम् के गान से हुई, इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन और थीम सांग ‘उत्तर प्रदेश–उत्तम प्रदेश’ ने समूचे वातावरण को राष्ट्र और प्रदेश गौरव से भर दिया। ब्रज, बुंदेली, अवधी और भोजपुरी बोलियों के सांस्कृतिक संगम ने मंच पर ‘संपूर्ण उत्तर प्रदेश’ को जीवंत कर दिया। विभिन्न अंचलों से आए कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
विकास की झलक दिखाती प्रदर्शनियां
इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने शिल्प मेला, ओडीओसी व्यंजन मेला और ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ पर आधारित प्रदर्शनियों का उद्घाटन भी किया।
एयरपोर्ट से मंच तक आत्मीय स्वागत
शनिवार सुबह राजधानी पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ एयरपोर्ट पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। वहीं मुख्य मंच पर मुख्यमंत्री ने गृह मंत्री को स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका अभिनंदन किया।
