गाजियाबाद में फिलहाल नहीं बढ़ेगा हाउस टैक्स, पुरानी दरों पर ही होगी वसूली !

1

महापौर सुनीता दयाल की लखनऊ में उच्च अधिकारियों से बैठक के बाद फैसला, औपचारिक प्रक्रिया जल्द पूरी होगी !

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। शहर की जनता के लिए बड़ी राहत की खबर है। गाजियाबाद नगर निगम फिलहाल हाउस टैक्स में कोई बढ़ोतरी नहीं करेगा और नागरिकों से पुरानी दरों पर ही हाउस टैक्स वसूला जाएगा। इस संबंध में जल्द ही आवश्यक प्रक्रिया और औपचारिकताएं पूरी कर ली जाएंगी।

हाउस टैक्स को लेकर पिछले कुछ समय से शहर में चल रही चर्चाओं और असमंजस के बीच महापौर सुनीता दयाल सोमवार को लखनऊ पहुंचीं। यहां उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर गाजियाबाद में प्रस्तावित हाउस टैक्स वृद्धि के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा की।

बैठक में सभी पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श के बाद यह निर्णय लिया गया कि फिलहाल गाजियाबाद में हाउस टैक्स नहीं बढ़ाया जाएगा और नगर निगम पुरानी दरों के आधार पर ही टैक्स वसूली करेगा। बताया जा रहा है कि इस निर्णय को लागू करने की प्रक्रिया और औपचारिकताएं जल्द पूरी कर ली जाएंगी।

महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि वे शुरू से ही जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रही हैं और आगे भी जनता के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देती रहेंगी। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की भावनाओं और हितों को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।

महापौर ने गाजियाबाद की जनता को हाउस टैक्स से राहत मिलने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, राज्य सरकार और शासन का आभार व्यक्त किया।

नगर निगम के इस फैसले के बाद शहर के लाखों मकान मालिकों और करदाताओं को फिलहाल बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है, क्योंकि हाल के दिनों में हाउस टैक्स में संभावित वृद्धि को लेकर लोगों में चिंता और असंतोष देखा जा रहा था।

अब नगर निगम द्वारा जल्द ही इस निर्णय से जुड़ी औपचारिक अधिसूचना और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी किए जाने की संभावना जताई जा रही है।

1 thought on “गाजियाबाद में फिलहाल नहीं बढ़ेगा हाउस टैक्स, पुरानी दरों पर ही होगी वसूली !

  1. जो मकान मालिक tax पूरा जमा कर दिया उनके बारे मे क्या विचार हुआ , क्या उनका एक्स्ट्रा पैसा वापिस होगा ?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!