107 वर्षीय किसान नेता दादा हरगोविंद सरपंच का निधन, दादरी क्षेत्र में शोक की लहर !

0
19
0

एनटीपीसी से प्रभावित किसानों की लड़ाई में निभाई थी महत्वपूर्ण भूमिका, 100 वर्ष से अधिक आयु में भी रहते थे सक्रिय

NEWS1UP

संवाददाता

ग्रेटर नोएडा। दादरी के गांव श्यौराजपुर निवासी 107 वर्षीय वरिष्ठ किसान नेता एवं पूर्व सरपंच दादा हरगोविंद सरपंच का शुक्रवार को हृदय गति रुकने से निधन हो गया। उन्होंने अपने पैतृक आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही दादरी क्षेत्र सहित आसपास के गांवों और किसान समुदाय में शोक की लहर दौड़ गई।

दादा हरगोविंद सरपंच क्षेत्र के सम्मानित किसान नेता माने जाते थे। उन्होंने विशेष रूप से एनटीपीसी परियोजना से प्रभावित किसानों के अधिकारों की लड़ाई में अहम भूमिका निभाई थी। किसानों के हितों की आवाज बुलंद करने और उनके अधिकारों के लिए संघर्ष करने में उनका योगदान लंबे समय तक याद किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि 107 वर्ष की आयु में भी दादा हरगोविंद पूरी तरह स्वस्थ और सक्रिय जीवन जी रहे थे। उन्हें प्रतिदिन अखबार पढ़ने की आदत थी और वे देश-दुनिया की घटनाओं से लगातार अवगत रहते थे। गांव के सामाजिक और किसान मुद्दों पर उनकी गहरी समझ और अनुभव का लोग सम्मान करते थे।

परिवार में उनके दो पुत्र हैं। एक पुत्र भारतीय वायु सेना से सेवानिवृत्त हैं, जबकि दूसरे पुत्र गांव में रहकर खेती-किसानी का कार्य करते हैं।

दादा हरगोविंद सरपंच के निधन पर भारतीय किसान यूनियन मंच सहित कई किसान संगठनों और सामाजिक लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया है। किसान नेताओं ने इसे किसानों के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि दादा हरगोविंद का जीवन किसानों के अधिकारों की लड़ाई और समाज सेवा को समर्पित रहा।

क्षेत्र के लोगों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनकी सादगी, स्पष्टवादिता और किसानों के प्रति समर्पण की भावना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!