नगर निगम की घेराबंदी का प्रयास
सीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम द्वारा प्रस्तावित हाउस टैक्स बढ़ोतरी के विरोध में शनिवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नगर निगम कार्यालय की ओर कूच करते हुए घेराव करने की कोशिश की और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान सपा कार्यकर्ताओं ने बढ़े हुए हाउस टैक्स को आम जनता और व्यापारियों पर अतिरिक्त बोझ बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि नगर निगम और सरकार की नीतियों के कारण शहर के आम नागरिक और व्यापारी वर्ग परेशान हो रहे हैं।

इसी दौरान सपा के दर्जनों कार्यकर्ता नवयुग मार्केट स्थित अंबेडकर पार्क में चल रहे आमरण अनशन स्थल पर भी पहुंच गए, जहां व्यापार मंडल के अध्यक्ष अवधेश शर्मा हाउस टैक्स बढ़ोतरी के विरोध में अनशन पर बैठे हुए थे। सपा कार्यकर्ताओं ने उनके आंदोलन को समर्थन देते हुए सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
समर्थकों की लगातार बढ़ती भीड़ और प्रदर्शन के उग्र होने की आशंका को देखते हुए पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया। इसी दौरान पुलिस ने अनशन पर बैठे अवधेश शर्मा और व्यापारी नेता संजीव गुप्ता को हिरासत में लेकर थाना कोतवाली पहुंचा दिया।
सपा कार्यकर्ताओं ने इसके बाद नगर निगम का घेराव करने की कोशिश की, जिससे कुछ देर के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए बैरिकेडिंग कर दी और उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

प्रदर्शन के बाद सपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित एक ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपा। ज्ञापन में हाउस टैक्स बढ़ोतरी को तुरंत वापस लेने, व्यापारियों और आम नागरिकों को राहत देने तथा इस मुद्दे पर जनहित में निर्णय लेने की मांग की गई।
सपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने हाउस टैक्स बढ़ोतरी का निर्णय वापस नहीं लिया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
उधर, नगर निगम में चल रही बोर्ड बैठक में भी हाउस टैक्स का मुद्दा गर्माया हुआ है। पार्षदों के बीच इस विषय को लेकर तीखी बहस और नोकझोंक की खबरें सामने आ रही हैं। शहर की निगाहें अब बैठक के नतीजों और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।