शहीद मेमोरियल विद्या केंद्र का 45वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया!

0
0
0

रंगारंग प्रस्तुतियों से गूंजा परिसर

शिक्षा और राष्ट्र निर्माण का दिया गया संदेश

NEWS1UP

एजुकेशन डेस्क

गाजियाबाद। सिहानी स्थित शहीद मेमोरियल विद्या केंद्र का 45वां स्थापना दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे परिधानों से सजे विद्यार्थियों की चहल-पहल से जगमगा उठा। एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि उपस्थित अतिथि और अभिभावक भारतीय संस्कृति की मिठास में डूब गए।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विश्व ब्रह्मऋषि ब्राह्मण महासभा के पीठाधीश्वर ब्रह्मऋषि विभूति बीके शर्मा हनुमान द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना और वंदे मातरम् की सुमधुर प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। स्वागत गीत के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया।

विद्यालय के संस्थापक स्वरूप चंद शर्मा ने सभी विशिष्ट अतिथियों का अंगवस्त्र, पुष्पमाला एवं पवित्र रामायण भेंट कर स्वागत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे अतिथियों ने सराहा और बच्चों की सृजनात्मकता की भूरी-भूरी प्रशंसा की।

शिक्षा ही राष्ट्र निर्माण की आधारशिला

अपने प्रेरणादायी संबोधन में मुख्य अतिथि बीके शर्मा हनुमान ने कहा कि विद्यालय के समर्पित शिक्षकों, अभिभावकों और विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयास ही इसकी निरंतर प्रगति का आधार हैं।

उन्होंने कहा-

“शिक्षा समाज का दर्पण है और बच्चे समाज के आधार स्तंभ हैं। गुरु के सान्निध्य में अर्जित ज्ञान जब व्यावहारिक जीवन से जुड़ता है, तभी उसका वास्तविक अर्थ प्रकट होता है।”

उन्होंने विद्यार्थियों को संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा बुझते दीपक में उम्मीदों की रोशनी जगाती है, डूबती कश्ती को किनारा दिखाती है और राष्ट्र निर्माण में मील का पत्थर साबित होती है। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेल, कला, वाद-विवाद और अन्य गतिविधियों में भी आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के पूर्व महानगर अध्यक्ष जेपी कश्यप ने की। विशिष्ट अतिथियों में प्रदीप त्यागी (सदस्य रेलवे बोर्ड), राजीव त्यागी (डायरेक्टर, एमपीएस पब्लिक स्कूल), डॉ. बृजपाल शर्मा (डायरेक्टर, वृंदावन अस्पताल), पार्षद नितिन कुमार, पूर्व पार्षद प्रेमचंद त्यागी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान विद्यार्थियों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। देशभक्ति, लोक संस्कृति और नैतिक मूल्यों पर आधारित नृत्य-नाटिकाओं ने यह संदेश दिया कि “भारत का स्वर्णिम गौरव” नई पीढ़ी के हाथों और अधिक सशक्त होगा।

विद्यालय की निरंतर प्रगति का संकल्प

45 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा पूरी कर चुके विद्यालय ने इस अवसर पर शिक्षा, संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति अपने संकल्प को दोहराया। कार्यक्रम का समापन मां सरस्वती के आशीर्वाद और विद्यालय की उन्नति की कामना के साथ हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!