महिला दिवस पर ‘वैश्विक हिंदी परिवार’ का सम्मान समारोह और काव्य-पाठ 7 मार्च को

0
0
0

प्रवासी लेखिका दिव्या माथुर होंगी मुख्य अतिथि
कई साहित्यकार होंगी सम्मानित

NEWS1UP

साहित्यिक डेस्क

नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर साहित्य, संस्कृति और समाज में महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से वैश्विक हिंदी परिवार द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह एवं काव्य-पाठ का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 7 मार्च को नई दिल्ली के हिंदी भवन में आयोजित होगा।

सुप्रसिद्ध प्रवासी लेखिका दिव्या माथुर

कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाब केसरी की चेयरपर्सन किरन चोपड़ा करेंगी। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध प्रवासी लेखिका दिव्या माथुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी। कार्यक्रम में कवि, लेखक एवं समीक्षक तथा वैश्विक हिंदी परिवार के अध्यक्ष अनिल जोशी का सान्निध्य प्राप्त होगा।

वैश्विक हिंदी परिवार के मानद निदेशक विनयशील चतुर्वेदी ने बताया कि समारोह में सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र में सक्रिय प्रज्ञा परांडे, वरिष्ठ लेखिका सविता चड्ढा, सुप्रसिद्ध कवयित्री डॉ. कीर्ति काले तथा ऑस्ट्रेलिया से प्रवासी लेखिका रीता कौशल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। वहीं प्रसिद्ध कवयित्री एवं लेखिका अलका सिन्हा की विशेष उपस्थिति कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाएगी। कार्यक्रम का बीज वक्तव्य सुप्रसिद्ध कवयित्री डॉ. अनीता वर्मा देंगी, जबकि संचालन कवयित्री विभा राज करेंगी।

इस अवसर पर ‘वैश्विक हिंदी परिवार सम्मान’ से साहित्य और समाज में उल्लेखनीय योगदान देने वाली कई प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। सम्मान प्राप्त करने वालों में दिव्या माथुर (यूके), डॉ. कीर्ति काले, रीता कौशल (ऑस्ट्रेलिया), अलका सिन्हा, प्रज्ञा परांडे, डॉ. अरुणा गुप्ता, निशा भार्गव, आशमा कौल, वंदना दुबे और संतोष कुमारी के नाम प्रमुख हैं।

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण आकर्षण काव्य-पाठ भी होगा, जिसमें देश-विदेश की कवयित्रियां अपनी रचनाओं के माध्यम से महिला संवेदना, सामाजिक सरोकार और समकालीन विषयों को स्वर देंगी। काव्य-पाठ करने वाली कवयित्रियों में डॉ. अनीता वर्मा, निशा भार्गव, आशमा कौल, ऊषा राज श्रीवास्तव, कुसुम चौहान, निधि मानवी, विभा राज, पूजा श्रीवास्तव, मीनाक्षी यादव, रचना पथिक, शुभ्रा पालीवाल, सरिता जैन, निवेदिता शर्मा और कल्याणी शांडिल्य शामिल हैं।

आयोजकों के अनुसार, इस कार्यक्रम का उद्देश्य हिंदी साहित्य में सक्रिय महिला रचनाकारों के योगदान को सम्मानित करना और महिला सशक्तिकरण के विचार को व्यापक सामाजिक परिप्रेक्ष्य में आगे बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!