पहली बार पूरे प्रदेश में एक ही दिन हुई अटल आवासीय विद्यालय प्रवेश परीक्षा

0

योगी सरकार के प्रयासों से 89 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुई परीक्षा, 21 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

लखनऊ। श्रमिक परिवारों के बच्चों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित अटल आवासीय विद्यालय योजना के अंतर्गत शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश परीक्षा इस बार एक नई व्यवस्था के साथ आयोजित की गई। पहली बार पूरे प्रदेश में एक ही दिन कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश के लिए परीक्षा आयोजित की गई, जो प्रदेश के सभी जनपदों में बनाए गए 89 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई।

इस परीक्षा में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी देखने को मिली, जिससे योजना के प्रति श्रमिक परिवारों के बढ़ते विश्वास और उत्साह का संकेत मिलता है। राज्य सरकार की ओर से परीक्षा को पारदर्शी, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई थीं।

21 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने दी परीक्षा

प्राप्त जानकारी के अनुसार कक्षा 6 में प्रवेश के लिए निर्धारित 2880 सीटों के सापेक्ष 12,018 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। वहीं कक्षा 9 की 1140 सीटों के लिए 9,054 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल 21,072 विद्यार्थियों ने प्रवेश परीक्षा में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

पारदर्शी और एक समान परीक्षा प्रणाली

इस बार परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और मानकीकृत बनाने के उद्देश्य से प्रश्नपत्र प्रदेश स्तर पर विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार कराए गए। सभी परीक्षा केंद्रों पर एक ही प्रश्नपत्र के माध्यम से परीक्षा आयोजित की गई, जिससे पूरे प्रदेश में समान मानकों के अनुसार मूल्यांकन सुनिश्चित हो सके।

परीक्षा के सफल संचालन के लिए राज्य सरकार ने जिला प्रशासन, श्रम विभाग, नामित नोडल अधिकारियों और केंद्र अधीक्षकों के माध्यम से व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की थीं। सुरक्षा, गोपनीयता और अनुशासन बनाए रखने के लिए भी विशेष प्रबंध किए गए, जिसके चलते परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई।

श्रमिकों के बच्चों के लिए शिक्षा का नया अवसर

उल्लेखनीय है कि अटल आवासीय विद्यालय योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों तथा निराश्रित बच्चों को निःशुल्क आवासीय शिक्षा प्रदान की जाती है। इन विद्यालयों में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ भोजन, यूनिफॉर्म, पाठ्यपुस्तकें, खेलकूद सुविधाएं और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियां भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

सीबीएसई पाठ्यक्रम के अनुरूप संचालित इन विद्यालयों में आधुनिक कक्षाएं, छात्रावास, पुस्तकालय, विज्ञान प्रयोगशालाएं, खेल मैदान और डिजिटल शिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हैं। सरकार का उद्देश्य है कि श्रमिक परिवारों के बच्चों को भी वही अवसर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले, जो समाज के अन्य वर्गों को उपलब्ध है, ताकि उनका समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

error: Content is protected !!