महिला दिवस पर योगी का संदेश: सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता !

0
0
0

इमरती के साथ जौनपुर की नमकीन भी खाऊंगा…

महिला दिवस पर सीएम योगी का आत्मीय अंदाज़

NEWS1UP

संवाददाता

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित राज्यस्तरीय महिला सम्मान समारोह और ‘पिंक रोजगार महाकुंभ-2026’ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संवेदनशील और आत्मीय रूप देखने को मिला। कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आईं महिलाओं और बेटियों को सम्मानित किया गया तथा मुख्यमंत्री ने उनसे सीधे संवाद कर उनकी सफलता की कहानियां सुनीं।

कार्यक्रम का सबसे दिलचस्प क्षण तब आया जब जौनपुर की ‘ड्रोन दीदी’ दुर्गा मौर्या ने अपनी कमाई और नमकीन फैक्ट्री के बारे में बताया।

इस पर मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा,

“अब तक तो जौनपुर की इमरती ही मशहूर थी, अब आपकी नमकीन भी खाऊंगा। जब जौनपुर आऊंगा तो इमरती के साथ नमकीन जरूर खाऊंगा।”

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री का बच्चों के प्रति स्नेह भी दिखाई दिया। उन्होंने कन्या सुमंगला योजना की नन्ही लाभार्थी शानवी गुप्ता को गोद में उठाकर उसे सफेद टेडी बियर भेंट किया। जैसे ही मुख्यमंत्री ने बच्ची को दुलारा, पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा और लोगों ने कहा कि “बेटियां सुरक्षित हाथों में हैं।”

मुख्यमंत्री ने मेधावी छात्राओं और महिला उद्यमियों से भी बातचीत की। फूलों की खेती करने वाली चंदौली की सोनी को सूखे फूलों से अगरबत्ती और इत्र बनाकर आय बढ़ाने का सुझाव दिया। वहीं वाराणसी की सीता देवी, जो ई-रिक्शा चलाकर 20 हजार रुपये तक कमाती हैं, से सीएम ने पूछा कि उन्हें डर नहीं लगता? इस पर सीता ने कहा कि अब परिवार और पड़ोसी भी उनके काम से खुश हैं।

महिला सुरक्षा पर मुख्यमंत्री ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि आज प्रदेश की बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस करती हैं और अगर कोई शोहदा दुस्साहस करता है तो “अगले चौराहे पर उसका टिकट काटने के लिए यमराज के दूत बैठे हैं।”

इस मौके पर महिला कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य, राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला और श्रम मंत्री अनिल राजभर समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि सरकार की योजनाओं से प्रदेश की महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं और उनके सपनों को अब सुरक्षित मंच मिल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!