जेवर एयरपोर्ट पर बनेगा आकासा एयर का एमआरओ हब !

0

Ai image

0
0

यूपी को देश के प्रमुख एविएशन हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

नोएडा। उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख एविएशन और लॉजिस्टिक्स हब के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और बड़ा कदम उठाया गया है। नोएडा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा और तेजी से उभरती एयरलाइन आकासा एयर के बीच एक महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदारी पर मुहर लगी है। इस समझौते के तहत एयरपोर्ट परिसर में अकासा एयर की पहली अत्याधुनिक मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल (एमआरओ) सुविधा स्थापित की जाएगी।

यह आधुनिक एमआरओ केंद्र विमानों के रखरखाव, मरम्मत और तकनीकी सेवाओं के लिए व्यापक आधारभूत ढांचा उपलब्ध कराएगा। विशेषज्ञों के अनुसार, इसके शुरू होने से भारतीय विमानन कंपनियों को देश के भीतर ही उच्च गुणवत्ता वाली मेंटेनेंस सेवाएं मिल सकेंगी, जिससे परिचालन लागत और समय दोनों में कमी आएगी।

राज्य सरकार की निवेश-प्रोत्साहन नीतियों और बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर विकास के कारण उत्तर प्रदेश में वैश्विक निवेशकों का भरोसा लगातार बढ़ रहा है। योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विकसित हो रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश को एविएशन, लॉजिस्टिक्स और हाई-टेक उद्योगों के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

एमआरओ सुविधा के स्थापित होने से क्षेत्र में बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे और स्थानीय युवाओं को एविएशन टेक्नोलॉजी तथा एयरक्राफ्ट मेंटेनेंस से जुड़े कौशल प्रशिक्षण के अवसर मिलेंगे। इससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि अकासा एयर द्वारा अपना पहला एमआरओ केंद्र यहां स्थापित करने का निर्णय एयरपोर्ट को विश्वस्तरीय एविएशन हब बनाने के विजन को मजबूत करता है।

वहीं अकासा एयर के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी विनय दुबे ने कहा कि भारत के तेजी से बढ़ते विमानन बाजार को देखते हुए मजबूत घरेलू एमआरओ क्षमताओं का विकास बेहद जरूरी है। उनके अनुसार नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ यह साझेदारी अकासा एयर की दीर्घकालिक रणनीति का अहम हिस्सा है और इससे देश के विमानन क्षेत्र को अधिक आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!