ग्रेटर नोएडा में ‘केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी’ अस्पताल का शुभारंभ
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को ग्रेटर नोएडा में केडीएसजी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल का उद्घाटन करते हुए कहा कि डॉक्टर का अच्छा व्यवहार मरीज की आधी बीमारी को खत्म कर देता है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव को देखकर पाकिस्तान की टीम आधा मैच पहले ही हार मान लेती थी, वैसे ही डॉक्टर के सकारात्मक व्यवहार और विश्वास से मरीज की आधी बीमारी अपने आप दूर हो जाती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मरीज डॉक्टर के पास बड़े भरोसे के साथ आता है। यदि मरीज को डॉक्टर पर विश्वास हो जाए तो दवा भी असर करती है और दुआ भी काम करती है। इससे मरीज जल्दी स्वस्थ होता है और अस्पताल की प्रतिष्ठा भी बढ़ती है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में स्वास्थ्य सेवाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। वर्ष 2014 से पहले देश में केवल छह एम्स कार्यरत थे, जबकि आज उनकी संख्या बढ़कर 23 हो गई है। आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 60 करोड़ से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है और उत्तर प्रदेश इस योजना में अग्रणी है। प्रदेश में अब तक 5 करोड़ 60 लाख से अधिक गोल्डन कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद लोगों को पांच लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सही, सस्ती और विश्वसनीय होनी चाहिए ताकि हर व्यक्ति इनका लाभ उठा सके। सरकार के प्रयासों के साथ निजी क्षेत्र की भागीदारी भी आवश्यक है, जिससे बड़ी आबादी को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में “वन डिस्ट्रिक्ट-वन माफिया” की स्थिति थी, लेकिन आज प्रदेश “वन डिस्ट्रिक्ट-वन मेडिकल कॉलेज”, “वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट” और “वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुज़ीन” की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि गौतम बुद्ध नगर आज विकास का बड़ा केंद्र बन चुका है, जहां मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादन, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क और लॉजिस्टिक्स हब जैसे बड़े प्रोजेक्ट विकसित हो रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई कि 300 बेड वाला यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस होगा और इससे प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से करीब 1000 लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अस्पताल गौतम बुद्ध नगर ही नहीं बल्कि पूरे एनसीआर क्षेत्र के लोगों को उच्चस्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
आधुनिक और सभी सुविधाओं से लैस होगा अस्पताल

यह अस्पताल भारत की 1983 विश्वकप विजेता क्रिकेट टीम के कप्तान कपिलदेव और उद्योगपति सुनील कुमार गुप्ता द्वारा स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य है कि कोई भी मरीज आर्थिक स्थिति के कारण अच्छी स्वास्थ्य सेवा से वंचित न रहे। अस्पताल का संचालन अजिंक्य डीवाई पाटिल हेल्थकेयर द्वारा किया जाएगा। यह अस्पताल ग्रेटर नोएडा के सबसे आधुनिक और सभी सुविधाओं से लैस निजी सुपर-स्पेशियलिटी अस्पतालों में से एक है। यहां अत्याधुनिक मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, मल्टी-स्पेशियलिटी आईसीयू, पूरी तरह सुसज्जित कैथेटराइजेशन लैब, डेडिकेटेड इमरजेंसी व ट्रॉमा सेंटर तथा रेडियोलॉजी, पैथोलॉजी और न्यूक्लियर मेडिसिन से जुड़ी आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। अस्पताल में कार्डियोलॉजी व कार्डियक साइंसेस, ऑन्कोलॉजी, न्यूरोलॉजी व न्यूरोसर्जरी, ऑर्थोपेडिक्स और जॉइंट रिप्लेसमेंट, गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, क्रिटिकल केयर मेडिसिन, पल्मोनोलॉजी, नेफ्रोलॉजी और पीडियाट्रिक्स सहित कई विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी।
इस अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव, अस्पताल के सह-संस्थापक सुनील कुमार गुप्ता, सांसद डॉ. महेश शर्मा, मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, विधायक तेजपाल नागर, धीरेन्द्र सिंह, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा, नरेंद्र भाटी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
