ईरान–इजरायल जंग की आग में एक भारतीय की मौत!

0
0
0

ओमान की खाड़ी में तेल टैंकर पर ड्रोन हमला

NEWS1UP

डेस्क रिपोर्ट

मध्य पूर्व में जारी ईरान–इजरायल संघर्ष के बीच एक दर्दनाक खबर सामने आई है। ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर हुए हमले में एक भारतीय नाविक की मौत हो गई। यह हमला ओमान की राजधानी मस्कट के तट से दूर समुद्री क्षेत्र में हुआ, जिसकी पुष्टि ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी ने की है।

‘MKD VYOM’ टैंकर बना निशाना

ओमानी एजेंसी के मुताबिक, हमले का शिकार हुआ जहाज ‘MKD VYOM’ नामक ऑयल टैंकर था। रिपोर्ट में बताया गया कि मृत चालक दल का सदस्य भारतीय नागरिक था। हालांकि उसकी पहचान अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

अंतरराष्ट्रीय न्यूज एजेंसी एपी के हवाले से बताया गया है कि सोमवार को ओमान की खाड़ी में एक तेल टैंकर पर बम से लैस ड्रोन बोट से हमला किया गया। इसी हमले में भारतीय नाविक की जान गई। ओमान की सरकारी एजेंसी ने भी हमले की पुष्टि की है, जिससे क्षेत्र में तनाव और बढ़ गया है।

जंग के पहले दिन ही ईरान का बड़ा ऐलान

ईरान–इजरायल युद्ध की शुरुआत के पहले ही दिन ईरान ने रणनीतिक रूप से बेहद अहम होर्मुज जलडमरूमध्य को बंद करने का ऐलान कर दिया था। यह जलडमरूमध्य फारस की खाड़ी का संकरा मुहाना है, जहां से दुनिया के बड़े हिस्से का तेल निर्यात होता है।

इस ऐलान के बाद कई देशों के जहाज इस मार्ग पर फंस गए हैं। क्षेत्र में जहाजों को लगातार धमकियां मिलने की खबरें हैं और माना जा रहा है कि कई हमले भी इसी रणनीति का हिस्सा हैं।

पहले ‘स्काईलाइट’ टैंकर पर हमला

रविवार को भी ओमान की खाड़ी में एक और तेल टैंकर पर हमला हुआ था। ओमान के मैरीटाइम सिक्योरिटी सेंटर (MSC) के अनुसार ‘स्काईलाइट’ नामक टैंकर, जिस पर पलाऊ का झंडा लगा था, को मुसैंडम प्रायद्वीप से महज 5 समुद्री मील दूर निशाना बनाया गया।

हमले के वक्त जहाज पर कुल 20 लोग सवार थे, जिनमें 15 भारतीय और 5 ईरानी नागरिक शामिल थे। हालांकि इस हमले में किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई थी, लेकिन ताजा घटना ने भारतीय समुदाय की चिंता कई गुना बढ़ा दी है।

इजरायल और अमेरिका के हमलों के बाद भड़का संघर्ष

क्षेत्रीय विश्लेषकों के मुताबिक, यह पूरा घटनाक्रम उस बड़े सैन्य टकराव के बाद शुरू हुआ, जिसमें इजरायल और संयुक्त राज्य अमेरिका द्वारा इस्लामी गणराज्य ईरान को निशाना बनाकर व्यापक हवाई हमले किए गए। इसके बाद से खाड़ी क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है।

गल्फ देशों में लाखों भारतीयों की सुरक्षा चिंता

गौरतलब है कि खाड़ी देशों में लाखों भारतीय कामकाज के सिलसिले में रह रहे हैं। मौजूदा जंग जैसे हालात में उनके परिवारों की चिंता स्वाभाविक है। कई परिजन ईरान और आसपास के देशों में फंसे अपने रिश्तेदारों से संपर्क न हो पाने की बात कह रहे हैं।

ओमान की खाड़ी में मारे गए भारतीय नाविक की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन इस घटना ने भारत सरकार के सामने समुद्री सुरक्षा और प्रवासी भारतीयों की सुरक्षा को लेकर नई चुनौती खड़ी कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!