घरेलू गैस पर हाहाकार !
नोएडा में सुबह 5 बजे से कतारें, सेक्टर-18 में जाम
गाजियाबाद प्रशासन बोला, गैस की कोई कमी नहीं
NEWS1UP
संवाददाता
नोएडा/गाजियाबाद। यूपी में घरेलू गैस सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर अलग-अलग जिलों में अलग-अलग हालात सामने आ रहे हैं। जहां एक ओर गाजियाबाद में जिला प्रशासन ने गैस सिलेंडर की किसी भी प्रकार की कमी से इनकार किया है, वहीं नोएडा में उपभोक्ताओं को सिलेंडर पाने के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है। गाजियाबाद में कहीं-कहीं तो लोगों का कहना है कि उनसे सिलेन्डर के लिए साढ़े तीन हजार रूपये तक मांगे जा रहे हैं।
गाजियाबाद प्रशासन बोला: पर्याप्त स्टॉक, घबराने की जरूरत नहीं
गाजियाबाद के जिलाधिकारी ने प्रेस विज्ञप्ति के द्वारा स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि जिले की सभी गैस एजेंसियों में उपभोक्ताओं की मांग पूरी करने के लिए पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
जिलाधिकारी के अनुसार, कालाबाजारी और अनियमितता रोकने के लिए जिला स्तर पर विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें लगातार गैस एजेंसियों और गोदामों की निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न हो। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से सिलेंडरों का स्टॉक न करें।
नोएडा में सुबह 5 बजे से लाइनें, फिर भी नहीं मिल रहा सिलेंडर
दूसरी ओर नोएडा में स्थिति अलग दिखाई दे रही है। यहां कई गैस एजेंसियों के बाहर लोग सुबह 5 बजे से ही लंबी लाइनों में खड़े नजर आ रहे हैं। कई उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले 5–6 दिनों से बुकिंग करने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा और उन्हें बार-बार एजेंसियों और गोदामों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। जिले के दादरी क्षेत्र से भी सिलेंडर मिलने में परेशानी की बात सामने आ रही है।
कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि सिलेंडर तो एजेंसियों पर पहुंच रही है, लेकिन उन्हें वितरण नहीं किया जा रहा और कुछ सिलेंडर ब्लैक मार्केट में बेचे जाने की आशंका भी जताई जा रही है।

सेक्टर-18 में जाम, फूटा लोगों का गुस्सा
इसी समस्या को लेकर गुरुवार को सेक्टर 18 की मुख्य सड़क पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। गैस सिलेंडर न मिलने से नाराज़ लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया, जिससे इलाके में यातायात प्रभावित हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर प्रदर्शनकारियों को हटाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
अफवाह बनाम वास्तविकता
सरकार और प्रशासन लगातार यह कह रहे हैं कि घरेलू गैस की कोई कमी नहीं है। लेकिन गैस की कीमतों और आपूर्ति को लेकर फैल रही खबरों ने लोगों के बीच पैनिक का माहौल पैदा कर दिया है। इसी कारण उपभोक्ता जल्दी-जल्दी सिलेंडर लेने की कोशिश कर रहे हैं और कई जगहों पर लंबी कतारें लग रही हैं।

