‘मुख्यमंत्री युवा योजना’ से तुबा के सपनों को मिले पंख, ‘सॉइल कॉन्सेप्ट’ ब्रांड से बनीं मिसाल

0
6
0

इस योजना के माध्यम से उत्तर प्रदेश में युवाओं के आत्मविश्वास और स्वरोजगार की नई कहानी लिखी जा रही है, जिसमें तुबा जैसी महिला उद्यमी नई प्रेरणा बनकर उभर रही हैं।

NEWS1UP

विशेष संवाददाता

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार की ‘मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान’ योजना युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें सफल उद्यमी बनने का अवसर दे रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में शुरू की गई इस योजना के तहत युवाओं को बिना बैंक गारंटी और ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा मिल रही है, जिससे वे रोजगार मांगने के बजाय रोजगार देने वाले बन रहे हैं।

इसी पहल का प्रेरक उदाहरण लखनऊ की बायोटेक्नोलॉजिस्ट तुबा हैं, जिन्होंने ‘सॉइल कॉन्सेप्ट’ (Soil Concept) ब्रांड के माध्यम से पर्यावरण के अनुकूल प्राकृतिक सौंदर्य उत्पाद तैयार कर नई पहचान बनाई है।

तुबा बताती हैं कि उन्होंने प्राकृतिक पर्सनल केयर उत्पादों का ऐसा ब्रांड विकसित करने का लक्ष्य रखा जो पूरी तरह पर्यावरण के अनुकूल हो। शुरुआत में मशीनरी और कच्चा माल खरीदने में आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा, लेकिन ‘मुख्यमंत्री युवा योजना’ के तहत आवेदन करने के मात्र 15 दिनों के भीतर उन्हें 5 लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण मिल गया। इस सहायता से उन्होंने मशीनरी खरीदी और अपने उत्पादों का उत्पादन शुरू किया।

आज ‘सॉइल कॉन्सेप्ट’ के तहत हर्बल शैम्पू, कंडीशनर, हेयर सीरम, हर्बल हेयर ऑयल, बॉडीवॉश, लोशन और हस्तनिर्मित साबुन जैसे रसायनमुक्त उत्पाद तैयार किए जा रहे हैं। इन उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है और वे 50 से अधिक आउटलेट्स तथा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से देशभर में उपलब्ध हैं।

तुबा के इस प्रयास से 4 महिलाओं सहित कुल 7 लोगों को रोजगार भी मिला है। इस तरह उन्होंने न केवल स्वयं को आत्मनिर्भर बनाया, बल्कि अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा की मिसाल पेश की है।

सरकार के अनुसार ‘मुख्यमंत्री युवा’ योजना के तहत 21 से 40 वर्ष तक के युवाओं को बिना बैंक गारंटी के ब्याजमुक्त ऋण दिया जाता है। पहले चरण में 5 लाख रुपये तक और समय पर भुगतान करने वाले उद्यमियों को दूसरे चरण में 10 लाख रुपये तक की परियोजना के लिए सहायता मिल सकती है। सरकार का लक्ष्य हर वर्ष 1 लाख युवाओं को उद्यमी बनाकर प्रदेश में 10 लाख सूक्ष्म इकाइयों की स्थापना करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!