बुलडोजर से हटे माफिया, उसी जमीन पर खड़ा हुआ विकास: राजनाथ सिंह
योगी सरकार में बदल रहा लखनऊ का चेहरा
ग्रीन कॉरिडोर से 15 लाख लोगों को राहत
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को लखनऊ में महत्वाकांक्षी ग्रीन कॉरिडोर परियोजना के दूसरे चरण का लोकार्पण करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में विकास अब केवल योजनाओं तक सीमित नहीं रहा, बल्कि लोगों के जीवन में स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने लखनऊ को विश्वस्तरीय शहर बनाने की दिशा में उल्लेखनीय काम किया है।
राजनाथ सिंह ने बताया कि आईआईएम रोड से आउटर रिंग रोड तक लगभग 28 किलोमीटर लंबे ग्रीन कॉरिडोर के निर्माण पर करीब 7000 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। इस परियोजना से लखनऊ के लगभग 15 लाख लोगों को जाम से राहत और तेज आवागमन की सुविधा मिलेगी। उन्होंने विशेष रूप से इस बात की सराहना की कि परियोजना के दौरान रास्ते में आने वाले 150 से अधिक पेड़ों को काटने के बजाय दूसरी जगह स्थानांतरित किया गया, जो पर्यावरण संरक्षण की मिसाल है।
उन्होंने कहा कि इस परियोजना में सेना की जमीन का भी उपयोग हुआ है और सिविल प्रशासन व रक्षा क्षेत्र के बेहतर समन्वय से विकास की रफ्तार तेज हुई है।

रक्षामंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लखनऊ की तहजीब और आधुनिक विकास दोनों की चर्चा अब दुनिया भर में हो रही है। विदेशों में रहने वाले भारतीय जब यहां आते हैं तो शहर के बदलते स्वरूप को देखकर आश्चर्यचकित हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि यूनेस्को द्वारा लखनऊ को “क्रिएटिव सिटी ऑफ गैस्ट्रोनॉमी” का दर्जा मिलना भी शहर की समृद्ध खानपान परंपरा का वैश्विक सम्मान है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ को लोग “बुलडोजर बाबा” के नाम से जानते हैं। उन्होंने माफिया और गुंडों के कब्जे से जमीन मुक्त कराकर उस पर विकास कार्य शुरू कराए हैं।
उन्होंने कहा-
“बुलडोजर केवल तोड़ने का काम नहीं करता, बल्कि विकास की नई जमीन भी तैयार करता है।”
उन्होंने बताया कि जल्द ही 62 किलोमीटर लंबा लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे तैयार हो जाएगा, जिससे दोनों शहरों के बीच की दूरी 35 से 45 मिनट में तय की जा सकेगी। इसके साथ ही लखनऊ के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को नई गति मिलेगी।
रक्षामंत्री ने कहा कि लखनऊ में अशोक लेलैंड के इलेक्ट्रिक वाहन संयंत्र से हजारों लोगों को रोजगार मिला है और पर्यावरण अनुकूल परिवहन को बढ़ावा मिल रहा है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना और ब्रह्मोस एयरोस्पेस की इंटीग्रेशन व टेस्टिंग फैसिलिटी से प्रदेश की भूमिका देश की सुरक्षा व्यवस्था में और मजबूत हुई है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 में लखनऊ को देश में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है, जो शहर की बेहतर सफाई व्यवस्था और कचरा प्रबंधन का परिणाम है। शहर के वैज्ञानिक विकास के लिए स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर और लखनऊ डेवलपमेंट अथॉरिटी के बीच एमओयू भी किया गया है।
राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हालिया सिंगापुर और जापान दौरे का उल्लेख करते हुए कहा कि योगीजी अपने पारंपरिक गेरुआ वस्त्र और भारतीय संस्कृति के साथ विदेश गए। “कुछ लोग विदेश जाकर अपना रंग बदल लेते हैं, लेकिन योगीजी ने केसरिया रंग को और मजबूत करके लौटे हैं। वहां से जो अनुभव और तकनीक लेकर आए हैं, उससे लखनऊ के विकास को और गति मिलेगी,” उन्होंने कहा।
रक्षामंत्री ने विश्वास जताया कि योगी सरकार के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है और लखनऊ आने वाले समय में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सांस्कृतिक विरासत और बेहतर जीवन सुविधाओं के साथ देश के प्रमुख विश्वस्तरीय शहरों में शामिल होगा।
