NEWS1UP
संवाददाता
नई दिल्ली। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का परिणाम जारी कर दिया है। आयोग ने शुक्रवार को आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर परिणाम घोषित किया। परीक्षा में शामिल हुए उम्मीदवार वेबसाइट पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं।
इस वर्ष सिविल सेवा परीक्षा में अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं राजेश्वरी सुवे एम दूसरे और अकांश ढुल तीसरे स्थान पर रहे।
आयोग की ओर से जारी सूची के अनुसार इस वर्ष कुल 958 अभ्यर्थियों ने सिविल सेवा परीक्षा में सफलता हासिल की है। चयनित उम्मीदवारों को भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) सहित विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति दी जाएगी।
टॉप-10 अभ्यर्थियों की सूची
अनुज अग्निहोत्री
राजेश्वरी सुवे एम
अकांश ढुल
राघव झुनझुनवाला
ईशान भटनागर
ज़िनिया अरोड़ा
ए आर राजा मोहिद्दीन
पक्षल
आस्था जैन
उज्ज्वल प्रियांक
आयोग ने बताया कि फिलहाल अभ्यर्थियों के प्राप्त अंकों की घोषणा नहीं की गई है। परिणाम घोषित होने की तारीख से लगभग 15 दिनों के भीतर आयोग की वेबसाइट पर उम्मीदवारों के अंक उपलब्ध करा दिए जाएंगे।
अगस्त में हुई थी लिखित परीक्षा
UPSC सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2025 का आयोजन अगस्त 2025 में किया गया था, जबकि व्यक्तित्व परीक्षण (इंटरव्यू) दिसंबर 2025 से फरवरी 2026 के बीच आयोजित किए गए। लिखित परीक्षा और इंटरव्यू के संयुक्त प्रदर्शन के आधार पर अंतिम परिणाम तैयार किया गया है।
आयोग के अनुसार चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक निर्देश शीघ्र ही भेजे जाएंगे। देश की सबसे प्रतिष्ठित मानी जाने वाली इस परीक्षा के माध्यम से प्रशासनिक तंत्र के लिए अधिकारियों का चयन किया जाता है।