जातिवाद की राजनीति भारत की नींव को कर रही कमजोर: योगी आदित्यनाथ
चित्तौड़गढ़ के जौहर श्रद्धांजलि समारोह में योगी का तीखा संदेश, समाज को बांटने वालों से सावधान रहने की अपील
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
चित्तौड़गढ़। राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में आयोजित जौहर श्रद्धांजलि समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जातिवाद की राजनीति पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जाति के आधार पर समाज को बांटने की प्रवृत्ति भारत की नींव को कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब-जब समाज जातिवाद में उलझा, देश कमजोर हुआ और विदेशी शक्तियों को अवसर मिला।

ईनाणी सिटी सेंटर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध कवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की पंक्तियां उद्धृत करते हुए कहा कि वीरों की पहचान उनके पराक्रम से होती है, जाति से नहीं। उन्होंने कहा कि जो लोग समाज को जाति के नाम पर बांट रहे हैं, वे सामाजिक एकता को खंडित कर रहे हैं और देश को फिर से गुलामी की ओर धकेलने की कोशिश कर रहे हैं।
राम मंदिर विरोधियों पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा कि वही लोग आज समाज में भ्रम और अविश्वास फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, जिन्होंने कभी भगवान राम और कृष्ण के अस्तित्व पर सवाल उठाए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यही समूह राम सेतु को तोड़ने की बात करता रहा और राम मंदिर निर्माण का भी विरोध करता रहा। योगी ने कहा कि ऐसे लोग संवैधानिक संस्थाओं पर भी सवाल उठाकर देश की छवि को कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।
वीरभूमि मेवाड़ के गौरव का किया स्मरण

मुख्यमंत्री ने मेवाड़ की वीर परंपरा को नमन करते हुए कहा कि महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी महाराज और गुरु गोबिंद सिंह जैसे राष्ट्रनायकों ने सत्ता के लिए नहीं, बल्कि देश और धर्म की रक्षा के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि चित्तौड़गढ़ की धरती वीरता, त्याग और स्वाभिमान की प्रतीक है।
योगी आदित्यनाथ ने रानी पद्मिनी के जौहर और सीता के त्याग का उल्लेख करते हुए कहा कि यह भारत की नारी गरिमा और आत्मसम्मान का अमर उदाहरण है।
यूपी में बेटियों की सुरक्षा का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और महिलाओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि 25 करोड़ की आबादी वाले प्रदेश में अब बेटियां स्कूल जाती हैं, नाइट शिफ्ट में काम करती हैं और सुरक्षित घर लौटती हैं। सरकार अपराध और महिलाओं की सुरक्षा के मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है।
सनातन की मर्यादा अमर रहेगी
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इतिहास में कई आक्रांताओं के वंश मिट गए, लेकिन सनातन संस्कृति आज भी जीवित है। उन्होंने कहा कि बाबर, औरंगज़ेब और अकबर के वंश का पता नहीं, जबकि महाराणा प्रताप की वंश परंपरा आज भी मौजूद है।
कार्यक्रम में मेवाड़ के महाराणा विश्वराज सिंह, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़ समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
