राजनगर एक्सटेंशन में महिला सुरक्षा का सशक्त संदेश, नुक्कड़ नाटक ने जगाई सामाजिक चेतना!
गौर कैसकेड, रिवर हाइट्स व आशियाना पाम कोर्ट सोसायटी के निवासियों की सक्रिय भागीदारी
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राज नगर एक्सटेंशन स्थित गौर कैसकेड सोसायटी, रिवर हाइट सोसायटी एवं आशियाना पाम कोर्ट सोसायटी के निकट स्थित मार्केट क्षेत्र में महिला सुरक्षा जागरूकता को समर्पित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक का सफल आयोजन किया गया। इस सामाजिक पहल ने स्थानीय नागरिकों का ध्यान आकर्षित करते हुए महिला सम्मान और सुरक्षा के प्रति सजग रहने का सशक्त संदेश दिया।

यह कार्यक्रम राजनगर एक्सटेंशन कम्युनिटी (RNEx Community) के सहयोग से कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (NCRTC) एवं नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय, संवाद और भावनात्मक प्रस्तुति के माध्यम से यह दर्शाया कि महिला सुरक्षा केवल कानून-व्यवस्था का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी भी है।
नाटक के माध्यम से महिला सम्मान, सतर्कता, आत्मविश्वास तथा सार्वजनिक परिवहन के सुरक्षित उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया। विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की असुविधा या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि आवाज उठाएं और उपलब्ध हेल्पलाइन व सुरक्षा उपायों का उपयोग करें।

कार्यक्रम में सोसायटी के निवासियों एवं एओए प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। उपस्थित लोगों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन किया और इस पहल की सराहना की। स्थानीय निवासियों का मानना है कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एक्सटेंशन कम्युनिटी के संयोजक एवं सामाजिक कार्यकर्त्ता दीपांशु मित्तल ने बताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार की जागरूकता कार्यशालाएं और नुक्कड़ नाटक विभिन्न सोसाइटियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि महिला सुरक्षा और सम्मान का संदेश व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुँच सके।
