गाजियाबाद नगर निगम की बैठक में हंगामा, हाउस टैक्स बढ़ोतरी पर पार्षद का इस्तीफा !
जनविरोधी कर वृद्धि का आरोप लगाकर वार्ड-33 के पार्षद धीरेन्द्र यादव ‘बिल्लू’ ने महापौर को सौंपा इस्तीफा, सदन में तीखी नोकझोंक
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। नगर निगम की बोर्ड बैठक उस समय पूरी तरह गरमा गई जब हाउस टैक्स की दरों में प्रस्तावित भारी बढ़ोतरी का मुद्दा सदन में उठा। निगम सभागार में चल रही बैठक के दौरान कई पार्षदों ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध करते हुए जोरदार हंगामा शुरू कर दिया, जिससे कुछ समय के लिए बैठक का माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया।

इसी बीच वार्ड-33 के पार्षद धीरेन्द्र यादव ‘बिल्लू’ अचानक अपनी सीट से उठकर महापौर सुनीता दयाल के पास पहुंचे और हाउस टैक्स वृद्धि के विरोध में अपना इस्तीफा सौंप दिया। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हाउस टैक्स में बेतहाशा बढ़ोतरी किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है और यह पूरी तरह जनविरोधी फैसला है।
पार्षद बिल्लू ने कहा कि जनता ने उन्हें सदन में अपनी आवाज उठाने और उनकी समस्याओं का समाधान कराने के लिए चुना है, न कि निगम के ऐसे फैसलों के सामने मूकदर्शक बने रहने के लिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि टैक्स बढ़ोतरी का फैसला वापस नहीं लिया गया तो इसका व्यापक विरोध होगा।
बैठक के दौरान कई अन्य पार्षदों ने भी टैक्स वृद्धि पर कड़ी आपत्ति जताई और इसे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बताया। विरोध के चलते सदन में बार-बार शोर-शराबा और तीखी नोकझोंक की स्थिति बनती रही।
फिलहाल नगर निगम की बोर्ड बैठक जारी है और हाउस टैक्स बढ़ोतरी को लेकर सदन में हंगामे तथा तीखी बहस का दौर लगातार जारी है।

पार्षद श्री बिल्लू जी द्वारा सतीफ़ा सराहनीय कार्य है उन्होंने जानता के दर्द को समझा ,सभी पार्षदों को सतीफ़ा देना चाहिए ताकि हाउस टैक्स बढ़ोतरी को वापिस लिया जा सके ।