11 दावेदार, 10 कुर्सियां… लैंडक्राफ्ट AOA चुनाव में किसका कटेगा पत्ता ?
लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में होने जा रहे AOA चुनाव इस बार खासा दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गए हैं। वजह साफ है, चुनाव मैदान में 11 उम्मीदवार हैं, जबकि बोर्ड में चुने जाने हैं केवल 10 सदस्य। यानी 15 मार्च को होने वाली वोटिंग के बाद एक प्रत्याशी का बाहर होना तय है, जिससे मुकाबला और भी रोमांचक बन गया है।
NEWS1UP
एओए/आरडब्लूए डेस्क
गाजियाबाद। नेशनल हाईवे-24 स्थित गोल्फ लिंक्स टाउनशिप की लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में एओए (Apartment Owners Association) की नई कमेटी के गठन के लिए 15 मार्च को मतदान कराया जाएगा। चुनाव समिति ने उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी है, जिसके बाद सोसाइटी में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है।

चुनाव समिति के सदस्य एस.के. भटनागर के अनुसार इस बार कुल 11 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। 6 मार्च नाम वापसी की अंतिम तिथि थी, लेकिन किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया। ऐसे में सभी 11 प्रत्याशी अब चुनावी मैदान में बने हुए हैं।
चुनावी मुकाबले में-
अमित कुमार चौबे, अनुज शर्मा, अवनेश कुमार, दिव्या गर्ग, महेश चंद्र जोशी, मनोज कुमार गुप्ता, नरेंद्र कुमार शर्मा, प्रभात चौधरी, प्रशांत शर्मा, राहुल कुमार अग्रवाल और वतस्ला भरद्वाज अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
हालांकि बोर्ड में केवल 10 सदस्यों को ही चुना जाना है, इसलिए 11 में से किसी एक उम्मीदवार को हार का सामना करना पड़ेगा। इसी वजह से इस बार का चुनाव सोसाइटी में चर्चा का विषय बना हुआ है।
भटनागर ने बताया कि चुनाव आदर्श उपविधि और बायलॉज के अनुसार पूरी पारदर्शिता के साथ कराए जाएंगे। नियमों के मुताबिक केवल फ्लैट ओनर्स ही वोट डाल सकेंगे। यदि किसी फ्लैट का संयुक्त स्वामित्व है, तो रजिस्ट्रेशन में जिसका नाम पहले दर्ज है, वही मतदान का अधिकारी होगा।
मतदान सोसाइटी के क्रिस्टल क्लब में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। इसके बाद उसी शाम मतगणना शुरू कर दी जाएगी और देर शाम तक परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।
गौरतलब है कि लैंडक्राफ्ट सोसाइटी में AOA चुनाव और उसकी प्रक्रिया को लेकर पहले भी विवाद और चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में इस बार का चुनाव न सिर्फ नई कमेटी के गठन के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, बल्कि यह भी देखा जाएगा कि नई टीम सोसाइटी के लंबित मुद्दों (बिल्डर पर निवासियों के बकाया IFMS के पैसे को) किस तरह सुलझाती है।
