बहुगुणा की विरासत को नमन: लखनऊ में श्रद्धांजलि सभा, सीएम ने बताया ‘विकास पुरुष’
सीएम योगी ने गिनाए बहुगुणा जी के ऐतिहासिक योगदान
NEWS1UP
संवाददाता
लखनऊ। पूर्व मुख्यमंत्री हेमवती नंदन बहुगुणा की पुण्यतिथि पर राजधानी लखनऊ में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बहुगुणा जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करते हुए उनके योगदान को स्मरण किया और उन्हें “लोकप्रिय राजनेता, कुशल प्रशासक और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी” बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि बहुगुणा जी ने उत्तर प्रदेश के विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया और प्रशासनिक दक्षता का एक मजबूत उदाहरण प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि बहुगुणा जी का जीवन समाज सेवा, जन-जागरूकता और राष्ट्रीय चेतना को समर्पित रहा।

स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर प्रशासनिक शिखर तक का सफर
मुख्यमंत्री ने बहुगुणा जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनका जन्म तत्कालीन उत्तर प्रदेश (वर्तमान उत्तराखंड) के पौड़ी जनपद के एक साधारण परिवार में हुआ था। प्रारंभिक शिक्षा गांव में प्राप्त करने के बाद उन्होंने प्रयागराज में उच्च शिक्षा हासिल की, जहां छात्र जीवन के दौरान ही वे स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ गए।
सन् 1942 में भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान छात्रनेता के रूप में उनकी गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी ने आजादी की लड़ाई में सक्रिय भूमिका निभाई और बाद में स्वतंत्र भारत में जनप्रतिनिधि के रूप में भी अपनी छाप छोड़ी।

हर वर्ग के कल्याण के लिए समर्पित रहा जीवन
मुख्यमंत्री ने कहा कि बहुगुणा जी ने अपने राजनीतिक जीवन में मंत्री, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनका उद्देश्य समाज के हर वर्ग का उत्थान और प्रदेश का समग्र विकास था। उन्होंने प्रयागराज को नई पहचान दिलाने में भी अहम भूमिका निभाई।
मुख्यमंत्री ने कहा-
“उनके द्वारा किए गए कार्य केवल विकास तक सीमित नहीं थे, बल्कि वे आमजन के कल्याण, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने के लिए भी समर्पित थे,”
राजनीतिक व सामाजिक हस्तियों की उपस्थिति
श्रद्धांजलि सभा में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विधायक जय देवी, विधान परिषद सदस्य रामचंद्र प्रधान, डॉ. अम्मार रिजवी, पूर्व सांसद रीता बहुगुणा जोशी और पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया सहित अनेक जनप्रतिनिधियों व गणमान्य लोगों ने भी बहुगुणा जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
