ऑपरेशन प्रहार: गाजियाबाद पुलिस ने युवाओं को नशे और अपराध के खिलाफ किया अलर्ट !

0
10
0

नशे और अवैध हथियारों के खिलाफ सख्त संदेश

नुक्कड़ नाटक और संवाद के जरिए युवाओं को झकझोरा

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। गाजियाबाद पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” ने अब जागरूकता के मोर्चे पर भी रफ्तार पकड़ ली है। इसी कड़ी में एनएच-24 स्थित ABES इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम ने युवाओं के बीच एक मजबूत संदेश छोड़ा, ‘नशे और अपराध से दूरी ही सुरक्षित भविष्य की गारंटी है’।

करीब 500 से अधिक छात्रों की मौजूदगी में आयोजित इस कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था/यातायात) रामकरन नैय्यर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल एक लत नहीं, बल्कि “पूरे जीवन को बर्बाद करने वाली जंजीर” है।

उन्होंने कहा कि-

अवैध हथियारों की ओर बढ़ता हर कदम समाज को हिंसा और अपराध की दिशा में धकेलता है।

कार्यक्रम का सबसे प्रभावशाली पहलू रहा नुक्कड़ नाटक, जिसमें कलाकारों ने नशे के दुष्परिणामों और अवैध हथियारों के खतरों को जीवंत रूप में प्रस्तुत कर छात्रों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया। वहीं, प्रश्नोत्तरी सत्र में छात्रों ने खुलकर सवाल पूछे और पुलिस अधिकारियों से सीधे संवाद स्थापित किया।

इसके साथ ही पेंटिंग प्रतियोगिता के माध्यम से छात्रों ने “नशामुक्त समाज” की परिकल्पना को रंगों में उकेरा, जिसमें विजेताओं को सम्मानित किया गया।

पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने कहा कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नशा तस्करों और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह अभियान गाजियाबाद को नशामुक्त और अपराधमुक्त बनाने की दिशा में एक ठोस पहल के रूप में देखा जा रहा है। इस अवसर पर एसीपी वेव सिटी प्रियाश्री पाल और क्रासिंग रिपब्लिक थानाध्यक्ष भी मौजूद रहीं। 

गाजियाबाद पुलिस और शैक्षणिक संस्थानों के संयुक्त प्रयास से चलाया जा रहा यह अभियान युवाओं में जागरूकता फैलाकर एक सुरक्षित और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!