यूपी में सियासी सरगर्मी तेज, जल्द हो सकता है मंत्रिमंडल विस्तार !

0

लगातार बैठकों से साफ इशारा

संगठन और सरकार में बड़ा फेरबदल संभव

अगले हफ्ते हो सकता है ऐलान

NEWS1UP

पॉलिटिकल डेस्क

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बीजेपी संगठन और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बीच लगातार हो रही बैठकों ने संकेत दे दिए हैं कि राज्य में जल्द ही मंत्रिमंडल विस्तार हो सकता है। सूत्रों के मुताबिक, यह कवायद अगले सप्ताह की शुरुआत में ही अंजाम तक पहुंच सकती है।

अहम बैठक आज

सूत्रों के अनुसार, आज दोपहर बाद बीजेपी की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक प्रस्तावित है। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आरएसएस के सह-सरकार्यवाह अरुण कुमार और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे। बैठक में मंत्रिमंडल विस्तार, संगठनात्मक फेरबदल और आगामी चुनावी रणनीति पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।

संगठन और सरकार में समन्वय पर जोर

बताया जा रहा है कि इस बार सिर्फ मंत्रिमंडल विस्तार ही नहीं, बल्कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके तहत कुछ मौजूदा मंत्रियों को संगठन में जिम्मेदारी दी जा सकती है, जबकि संगठन के कुछ प्रमुख चेहरों को सरकार में शामिल किया जा सकता है।

संभावित नामों पर चर्चा

राजनीतिक गलियारों में जिन नामों की चर्चा है, उनमें चौधरी भूपेंद्र सिंह, अशोक कटारिया और पूजा पाल प्रमुख हैं। इसके अलावा, राज्यमंत्री बलदेव औलख को पदोन्नति मिल सकती है, वहीं गोविंद नारायण शुक्ला को भी मंत्रिमंडल में स्थान दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

चुनावी समीकरण साधने की तैयारी

सूत्रों का कहना है कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति पर काम किया जा रहा है। बीजेपी और आरएसएस दोनों ही संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने के पक्ष में हैं।

उत्तराखंड में भी हुआ विस्तार

इसी बीच उत्तराखंड में भी मंत्रिमंडल विस्तार किया गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार में पांच नए मंत्रियों को शामिल किया गया है, जिससे मंत्रियों की संख्या बढ़कर 12 हो गई है। इसे भी आगामी चुनावों की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

2027 चुनाव पर नजर

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों में वर्ष 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। ऐसे में यह संभावित मंत्रिमंडल विस्तार चुनावी तैयारी का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!