सेवी विला डे में विकास सिंह बने अध्यक्ष, सत्यजीत कुमार को सचिव की कमान
टीम एसवीडी परिवार की एंट्री
सत्ता बदलते ही प्रशासन को अलर्ट
तत्काल हस्तक्षेप की मांग

NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित सेवी विला डे सोसाइटी में नेतृत्व परिवर्तन के साथ ही नई कार्यकारिणी ने कमान संभाल ली है। बीते रविवार को संपन्न हुए एओए (अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन) चुनाव में “टीम एसवीडी परिवार” ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए सोसाइटी प्रबंधन में अपनी मजबूत पकड़ बना ली।

चुनाव परिणाम घोषित होते ही नई टीम ने सक्रियता दिखाते हुए सोमवार को अपनी पहली कार्यकारिणी बैठक आयोजित की। इस बैठक में सर्वसम्मति से विकास सिंह को अध्यक्ष और सत्यजीत कुमार को सचिव चुना गया। इसके अलावा गौरव गुप्ता को उपाध्यक्ष और गरिमा सिंह को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यकारिणी में रीति सिंह, मनीष गर्ग, अमनीष त्रिपाठी, अमित कुमार, शिल्पी और हेमंत कुमार को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
नई टीम के गठन के साथ ही प्रशासनिक प्रक्रिया भी तेज़ कर दी गई है। टीम एसवीडी परिवार ने सोमवार को ही जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट और डिप्टी रजिस्ट्रार को नए बोर्ड के गठन की औपचारिक सूचना भेज दी। इसके साथ ही जिलाधिकारी से मांग की गई है कि नए बोर्ड को विधिवत कार्यभार हस्तांतरित कराया जाए, ताकि सोसाइटी के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इसके अतिरिक्त, नई कार्यकारिणी ने एक महत्वपूर्ण मांग उठाते हुए पुराने बोर्ड के वित्तीय लेन-देन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की अपील भी की है। टीम का कहना है कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए यह कदम आवश्यक है।
सोसाइटी निवासियों के बीच इस बदलाव को लेकर उत्साह का माहौल है और नई टीम से बेहतर प्रबंधन, पारदर्शिता और विकास कार्यों की उम्मीद जताई जा रही है।
