जेवर एयरपोर्ट के उद्घाटन की तारीख तय!

0

पीएम मोदी को सीएम योगी ने भेजा प्रस्ताव

28 मार्च को मिल सकती है बड़ी सौगात

NEWS1UP

संवाददाता

लखनऊ/नोएडा। उत्तर प्रदेश के बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन को लेकर औपचारिक हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र भेजकर 28 मार्च को उद्घाटन कराने का प्रस्ताव दिया है। यदि कार्यक्रम को मंजूरी मिलती है, तो यह परियोजना शीघ्र ही आम जनता के लिए खोल दी जाएगी।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, एयरपोर्ट लगभग सभी जरूरी मानकों को पूरा कर चुका है। हाल ही में डायरेक्टरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) द्वारा एयरोड्रम लाइसेंस जारी किए जाने के बाद संचालन का रास्ता साफ हो गया है। यह लाइसेंस किसी भी हवाई अड्डे के संचालन के लिए अनिवार्य माना जाता है।

जेवर में विकसित किया जा रहा यह एयरपोर्ट देश के सबसे बड़े हवाई अड्डों में शामिल होने जा रहा है। परियोजना को चरणबद्ध तरीके से तैयार किया जा रहा है, जिसके पहले चरण में ही बड़ी संख्या में यात्रियों को संभालने की क्षमता विकसित की गई है। भविष्य में इसके विस्तार के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और क्षमता दोनों बढ़ाई जाएंगी।

एयरपोर्ट के शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, बुलंदशहर और अलीगढ़ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों को सीधा लाभ मिलेगा। यात्रियों को दिल्ली स्थित एयरपोर्ट तक जाने की निर्भरता कम होगी, वहीं क्षेत्र में निवेश, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।

हालांकि उद्घाटन की संभावित तारीख 28 मार्च तय की गई है, लेकिन नियमित उड़ानों के संचालन की अंतिम तिथि उद्घाटन के बाद ही घोषित की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि औपचारिक उद्घाटन के कुछ समय बाद यहां से घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू हो सकती हैं।

गौरतलब है कि यह परियोजना लंबे समय से चर्चा में रही है और इसके शुरू होने का इंतजार न केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश, बल्कि पूरे एनसीआर क्षेत्र के लोग कर रहे थे। अब उद्घाटन की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही यह इंतजार खत्म होने की कगार पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!