हरिद्वार में गंगा स्नान के दौरान दर्दनाक हादसा, गाजियाबाद के दो दोस्तों की डूबने से मौत !
राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्वांटम होम्स सोसायटी के निवासी थे दोनों दोस्त
NEWS1UP
संवाददाता
हरिद्वार/गाजियाबाद। उत्तराखंड के पवित्र तीर्थ स्थल हरिद्वार में रविवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। दूधिया बंध क्षेत्र में स्नान करते समय दो युवक गंगा की तेज धारा में बहकर डूब गए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही हरिद्वार कोतवाली नगर पुलिस और जल पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब सवा घंटे तक चले सघन अभियान के बाद दोनों युवकों के शव गंगा से बरामद कर लिए गए। इसके बाद शवों को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान बृजेश कुमार त्रिपाठी (43) पुत्र राजनाथ त्रिपाठी निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद और सचिन त्यागी (39) पुत्र जगजीत सिंह त्यागी निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद के रूप में हुई है। दोनों आपस में घनिष्ठ मित्र थे और परिवार के साथ अलग-अलग गाड़ियों से गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे।
सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी ने बताया कि दोनों के शव बरामद कर लिए गए हैं और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

सोसाइटी निवासी रविन्द्र त्यागी ने बताया कि दोनों मृतक राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्वांटम होम्स सोसायटी के निवासी थे। हादसे की खबर मिलते ही सोसायटी और पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं स्थानीय लोग और परिचित गहरे सदमे में हैं।
मृतकों के पार्थिव शरीर एम्बुलेंस के जरिए राजनगर एक्सटेंशन लाए जा रहे हैं, जहां करहेडा हिंडन घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतने की आवश्यकता को उजागर किया है। वहीं राजनगर एक्सटेंशन में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दुखद हादसे से स्तब्ध है।
