गाजियाबाद में डबल डेथ से सनसनी: 13वीं मंजिल से कूदे बेटे की मौत, फ्लैट में मिला मां का शव

0

राजवीर (फाइल फोटो)

दो दिनों से बंद कमरे का क्या है राज ?

पुलिस भी उलझी रहस्यमयी गुत्थी में

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। नेशनल हाईवे-9 के पास स्थित महागुनपुरम सोसाइटी से एक बेहद सनसनीखेज और रहस्यमयी मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। विनायक टावर की 13वीं मंजिल से कूदकर एक 40 वर्षीय व्यक्ति ने आत्महत्या कर ली, जबकि पुलिस जांच में उसकी मां का शव भी फ्लैट के अंदर मिलने से घटना और अधिक रहस्यमयी बन गई है।

मृतक की पहचान राजवीर के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर करीब 1:30 बजे राजवीर टावर की 13वीं मंजिल पर पहुंचे और वहां से छलांग लगा दी। घटना के वक्त सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

13वीं मंजिल की इस शाफ्ट से लगाई थी छलांग

बताया जा रहा है कि 13वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट को राजवीर ने हाल ही में खरीदा था, जहां इस समय रेनोवेशन का काम चल रहा था। सोसाइटी के लोगों के अनुसार, घटना से पहले वह सुबह से कई बार ऊपर-नीचे आ-जा रहा था और मानसिक रूप से परेशान दिखाई दे रहा था।

मां का शव मिलने से मामला हुआ पेचीदा

घटना का सबसे चौंकाने वाला पहलू तब सामने आया, जब पुलिस जांच के दौरान ग्राउंड फ्लोर स्थित फ्लैट संख्या 028 में पहुंची। यह फ्लैट राजवीर की मां का था। दरवाजा खोलते ही अंदर से तेज दुर्गंध आ रही थी। जब पुलिस ने अंदर जाकर देखा, तो बेड पर एक महिला का शव पड़ा मिला, जिसकी पहचान राजवीर की मां के रूप में हुई।

ग्राउंड फ्लोर के इसी टिन शेड पर आकर गिरे थे राजवीर

सूत्रों के मुताबिक, राजवीर पिछले दो दिनों से किसी को भी इस फ्लैट में जाने नहीं दे रहा था। वह लोगों को यह कहकर टाल रहा था कि उसकी मां की तबीयत खराब है और वह आराम कर रही हैं। ऐसे में मां की मौत और बेटे की आत्महत्या के बीच संबंध को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

पारिवारिक और आर्थिक तनाव की आशंका

जानकारी के अनुसार, राजवीर पॉडकास्ट का काम करते थे और हाल के दिनों में उन्हें आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा था। उनकी पत्नी किरण बाला अपने बच्चों के साथ गौड़ सिटी में अलग रह रही थीं। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच संबंध भी ठीक नहीं थे।

यह भी सामने आया है कि जब वे साथ रहते थे, तब भी वे माता-पिता से अलग किराये के मकान में रह रहे थे। पारिवारिक तनाव और आर्थिक दबाव को इस घटना से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलने के बाद कविनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसीपी सूर्यबली मौर्य ने बताया कि प्रारंभिक जांच में महिला का शव एक दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो सका है।

मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है, चाहे वह आत्महत्या हो, हत्या हो या कोई और साजिश।

रहस्य बरकरार, कई सवाल अनुत्तरित

दोनों मौतों के बीच क्या कोई सीधा संबंध है ? क्या मां की मौत के बाद राजवीर ने आत्महत्या की या इसके पीछे कोई और कहानी है ? इन तमाम सवालों के जवाब अभी जांच के दायरे में हैं। फिलहाल, महागुनपुरम सोसाइटी में दहशत और सन्नाटा पसरा हुआ है, जबकि पुलिस इस उलझी हुई गुत्थी को सुलझाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!