28 मार्च को इतिहास रचेगा जेवर! दुनिया के नक्शे पर चमकेगा नोएडा एयरपोर्ट !

0
15
0

सीएम योगी ने खुद संभाली कमान

पीएम मोदी करेंगे भव्य उद्घाटन

तैयारियों में कोई कसर नहीं

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गौतमबुद्धनगर। उत्तर प्रदेश के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लोकार्पण को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को जेवर स्थित एयरपोर्ट परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 28 मार्च को एयरपोर्ट और कार्गो टर्मिनल का लोकार्पण करेंगे, साथ ही एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर एंड ओवरहॉल) परियोजना का शिलान्यास भी प्रस्तावित है। इस ऐतिहासिक अवसर को भव्य और विश्वस्तरीय बनाने के लिए प्रशासन पूरी ताकत से जुटा हुआ है।

हर पहलू का किया निरीक्षण, दिए सटीक निर्देश

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के संभावित भ्रमण मार्ग, पैसेंजर टर्मिनल, कार्गो टर्मिनल, रैली स्थल, पार्किंग व्यवस्था और हेलीपैड का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में उच्च मानकों के अनुरूप पूर्ण किए जाएं।

समीक्षा बैठक में सख्त रुख

निरीक्षण के बाद एयरपोर्ट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, वीआईपी अतिथियों, मीडिया और आम नागरिकों की बड़ी उपस्थिति को देखते हुए व्यवस्थाओं को पूरी तरह सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

विश्वस्तरीय आयोजन पर फोकस

सीएम योगी ने कार्यक्रम की भव्यता बढ़ाने के लिए व्यापक ब्रांडिंग और प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने साफ-सफाई, निर्बाध बिजली आपूर्ति, पेयजल, शौचालय, ट्रैफिक मैनेजमेंट, परिवहन सुविधा, अग्नि सुरक्षा, चिकित्सा सेवाएं और साइनेज जैसी मूलभूत व्यवस्थाओं को समय से पहले सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आमजन की सुविधा सर्वोपरि

मुख्यमंत्री ने विभिन्न जिलों से आने वाले लोगों के लिए पार्किंग स्थलों पर मोबाइल शौचालय, हेल्प डेस्क, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी को असुविधा न हो।

चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था

कार्यक्रम की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने व्यापक रणनीति तैयार की है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्यक्रम स्थल पर चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी, जिसमें पुलिस, प्रशासन और वालंटियर्स की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही ट्रैफिक और वैकल्पिक मार्गों की विस्तृत योजना भी तैयार की गई है।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष भाजपा सतेन्द्र सिसोदिया, जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा, महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, सांसद डॉ. महेश शर्मा, विधायक धीरेन्द्र सिंह, विधायक तेजपाल नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। साथ ही अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार, सचिव मुख्यमंत्री अमित सिंह, मंडलायुक्त भानु चंद्र गोस्वामी, यमुना प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!