राजनगर एक्सटेंशन में बंद फ्लैट में लगी भीषण आग, पूरा घर जलकर खाक!
पूजा के दीपक से हादसे की आशंका, बड़ा हादसा टला
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित क्लासिक रेजिडेंसी सोसायटी शुक्रवार दोपहर अचानक दहशत के माहौल में तब्दील हो गई, जब बी-टावर के तीसरे फ्लोर पर एक बंद फ्लैट से उठता धुआं देखते ही देखते भीषण आग में बदल गया। चंद मिनटों में ही आग ने पूरे फ्लैट को अपनी चपेट में ले लिया और आसपास के निवासियों में हड़कंप मच गया।
बंद फ्लैट में धधकी आग, किसी को भनक तक नहीं लगी
फ्लैट के मालिक मुकुल निगम घटना के समय अपने काम पर थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे भी घर से बाहर थे। फ्लैट में ताला लगा हुआ था, जिससे अंदर लगी आग का किसी को अंदाजा नहीं हो पाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक-
“पहले हल्का धुआं दिखा, लेकिन कुछ ही देर में हालात बेकाबू हो गए और पूरा फ्लैट आग की लपटों में घिर गया।”
दमकल से पहले सोसायटी के फायर सिस्टम ने दिखाई तत्परता
इस घटना में एक सकारात्मक पहलू भी सामने आया। सोसायटी में लगे फायर फाइटिंग सिस्टम और उपकरण पूरी तरह सक्रिय और कार्यशील पाए गए, जिनकी मदद से शुरुआती स्तर पर ही आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई।
स्थानीय निवासियों और मेंटेनेंस टीम की तत्परता से आग को फैलने से काफी हद तक रोका गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सोसायटी के अध्यक्ष विकास चौधरी ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा-

“अग्निशमन विभाग की गाड़ियों के पहुंचने से पहले ही सोसायटी के फायर उपकरणों की मदद से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। यह अच्छी बात रही कि हमारे सभी फायर सिस्टम सही तरीके से काम कर रहे थे। हालांकि, मौके पर पहुंची विभाग की एक-एक गाड़ी अपेक्षित रूप से प्रभावी तरीके से काम नहीं कर रही थी, जिससे कुछ दिक्कतें भी आईं।”
प्रारंभिक जांच में चौंकाने वाला संकेत
सूत्रों के अनुसार, शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आग पूजा में जल रहे दीपक से लगी हो सकती है। हालांकि, अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
मौत बन सकती थी यह आग, लेकिन किस्मत ने दिया साथ
इस खौफनाक हादसे में सबसे बड़ी राहत की बात यह रही कि फ्लैट खाली था। यदि उस समय परिवार घर में मौजूद होता, तो यह घटना एक बड़े जानलेवा हादसे में बदल सकती थी।
