कटाई से पहले तबाही, खेतों में बिछी बर्बादी की तस्वीर !
मास्टर मनमिंदर भाटी का भरोसा: सरकार तक पहुंचेगी हर आवाज, दिलाया जाएगा उचित मुआवजा
NEWS1UP
संवाददाता
दादरी (गौतमबुद्ध नगर)। क्षेत्र में अचानक हुई बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी फसलें बुरी तरह बर्बाद हो गई हैं, जिससे किसानों के सामने आर्थिक संकट गहरा गया है। गेहूं सहित अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की खबर है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन मंच के पदाधिकारियों ने प्रभावित गांवों का दौरा किया और जमीनी हकीकत का जायजा लिया। मंच के राष्ट्रीय महासचिव मास्टर मनमिंदर भाटी खुद एनटीपीसी से सटे गांव ऊँचा अमीपुर पहुंचे, जहां उन्होंने खेतों में जाकर किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं।
मास्टर मनमिंदर भाटी ने कहा कि-
“यह प्राकृतिक आपदा किसानों के लिए बड़ी मार है। हमारी पूरी टीम उनके साथ खड़ी है और उनकी आवाज सरकार तक पहुंचाने का काम करेगी।”
उन्होंने प्रशासन से मांग की कि तत्काल अधिकारियों को गांवों में भेजकर नुकसान का आकलन कराया जाए और प्रभावित किसानों को जल्द से जल्द उचित मुआवजा दिया जाए।
स्थानीय किसानों का कहना है कि फसल कटाई के ठीक पहले आई इस आपदा ने उनकी सालभर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। कई किसानों ने कर्ज लेकर खेती की थी, ऐसे में अब उनकी चिंता और बढ़ गई है।
इधर, प्रदेश स्तर पर भी इस आपदा को गंभीरता से लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी जिलाधिकारियों को तुरंत फील्ड में उतरकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि “किसी भी स्थिति में किसानों को असुविधा नहीं होनी चाहिए और उन्हें समयबद्ध तरीके से मुआवजा उपलब्ध कराया जाए।”
