जेवर एयरपोर्ट के लिए बन रहा सुपरफास्ट कॉरिडोर, नोएडा में नया एलिवेटेड रोड !

0

Ai image

3
0

चिल्ला एलिवेटेड रोड से सेक्टर-94 तक नया लिंक

31 किमी एक्सप्रेसवे से एयरपोर्ट कनेक्टिविटी होगी तेज

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

नोएडा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन की तैयारियों के बीच अब इसके लिए “सुपरफास्ट कनेक्टिविटी नेटवर्क” भी आकार लेने लगा है। योगी आदित्यनाथ सरकार राजधानी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा की तर्ज पर जेवर एयरपोर्ट तक पहुंच को आसान बनाने के लिए सड़क और एक्सप्रेसवे का बड़ा जाल बिछा रही है।

इसी कड़ी में नोएडा प्राधिकरण ने चिल्ला एलिवेटेड रोड से सेक्टर-94 गोलचक्कर तक नया एलिवेटेड कॉरिडोर और सेक्टर-94 से सेक्टर-150 तक 31 किलोमीटर लंबा 6-लेन एक्सप्रेसवे बनाने की योजना तैयार की है। यह प्रोजेक्ट सिर्फ एक सड़क नहीं बल्कि दिल्ली-नोएडा-जेवर के बीच बनने वाले “एयरपोर्ट एक्सेस कॉरिडोर” का हिस्सा माना जा रहा है, जिससे लाखों यात्रियों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

मेट्रो के ऊपर से गुजरेगा एलिवेटेड रोड

योजना के अनुसार चिल्ला एलिवेटेड रोड से सेक्टर-94 गोलचक्कर तक बनने वाला एलिवेटेड रोड करीब 2 किलोमीटर से अधिक लंबा होगा। इसकी खासियत यह है कि यह दिल्ली मेट्रो मैजेंटा लाइन के ऊपर से गुजरेगा।

मेट्रो ट्रैक की ऊंचाई करीब 17 मीटर है

नया एलिवेटेड रोड लगभग 22 मीटर की ऊंचाई पर बनाया जाएगा

इससे वाहन बिना किसी सिग्नल या चौराहे के सीधे सेक्टर-94 तक पहुंच सकेंगे।

फिल्म सिटी रूट पर भी बनेगा नया एलिवेटेड कॉरिडोर

नोएडा का फिल्म सिटी-महामाया फ्लाईओवर मार्ग सुबह-शाम भारी ट्रैफिक जाम के लिए कुख्यात है। इसे ध्यान में रखते हुए करीब 6 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड भी तैयार किया जा रहा है, जो दिल्ली के मयूर विहार फ्लाईओवर से जुड़ते हुए महामाया फ्लाईओवर तक जाएगा।

इससे दिल्ली से नोएडा में प्रवेश करने वाले वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी।

31 किलोमीटर का नया 6-लेन एक्सप्रेसवे

इसी योजना के तहत सेक्टर-94 से सेक्टर-150 तक करीब 31 किलोमीटर लंबा 6-लेन एक्सप्रेसवे भी प्रस्तावित है। यह मार्ग सीधे यमुना एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। इससे दिल्ली से आने वाले वाहन नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक में फंसे बिना सीधे यमुना एक्सप्रेसवे तक पहुंच सकेंगे।

जेवर एयरपोर्ट तक सफर होगा आसान

इन प्रोजेक्ट्स का सबसे बड़ा फायदा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने वाले यात्रियों को मिलेगा। दिल्ली से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे तक जाने में अभी पीक ऑवर में काफी समय लगता है, लेकिन नए एलिवेटेड रोड और एक्सप्रेसवे बनने के बाद यह सफर काफी तेज और सुगम हो जाएगा।

ट्रैफिक जाम से राहत की बड़ी उम्मीद

दिल्ली-नोएडा सीमा पर मयूर विहार, फिल्म सिटी और महामाया फ्लाईओवर के आसपास रोजाना हजारों वाहन जाम में फंसते हैं। प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर और एक्सप्रेसवे से बड़ी संख्या में वाहन ऊपर से गुजर जाएंगे, जिससे नीचे की सड़कों पर ट्रैफिक दबाव कम होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!