आपकी जेब पर कितना असर ? गाजियाबाद हाउस टैक्स का नया सच !

0
0
0

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। हाउस टैक्स को लेकर शहर में चल रही अटकलों और आशंकाओं के बीच शासन के निर्देश पर नगर निगम ने आखिरकार तस्वीर साफ कर दी है, लेकिन इस फैसले ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है, क्या यह राहत है या नए तरीके से बढ़ोतरी का रास्ता ?

नगर निगम के ताज़ा फैसले के मुताबिक अब हाउस टैक्स की गणना सीधे-सीधे मनमानी बढ़ोतरी से नहीं, बल्कि प्रतिशत आधारित सिस्टम पर होगी। पहली नजर में यह फैसला राहत देने वाला दिखता है, लेकिन अंदर की परतें कुछ और ही कहानी बयां कर रही हैं।

संपत्ति कर के सम्बन्ध में शासन का पत्र

राहत के नाम पर छिपी बढ़ोतरी ?

सूत्रों के मुताबिक, जहां छूट का लाभ लेने वाले करदाताओं को 10-15% तक ही वृद्धि का सामना करना पड़ेगा, वहीं बिना छूट वाले नागरिकों के लिए 20% तक टैक्स बढ़ोतरी की आशंका जताई जा रही है। यानी साफ है, हर किसी को समान राहत नहीं मिलने वाली।

संपत्ति कर की नई प्रभावी दरें

नया फॉर्मूला: पारदर्शिता या जटिलता ?

नगर निगम का दावा है कि यह नया सिस्टम पारदर्शिता लाएगा और मनमाने टैक्स से छुटकारा दिलाएगा। लेकिन जानकारों का कहना है कि प्रतिशत आधारित मॉडल आम लोगों के लिए ज्यादा जटिल और खर्चीला हो सकता है, जिससे भ्रम और विवाद बढ़ सकते हैं।

जनहित बनाम राजनीतिक संतुलन

कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, विधायक अजीत पाल त्यागी और महापौर सुनीता दयाल ने इसे जनता के हित में लिया गया फैसला बताया है। उनका कहना है कि इससे सीधे-सीधे जनता को राहत मिलेगी और टैक्स सिस्टम ज्यादा संतुलित होगा।

लेकिन राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो यह फैसला आगामी समीकरणों को ध्यान में रखकर लिया गया संतुलित कदम भी हो सकता है, जहां राहत और बढ़ोतरी दोनों को साधने की कोशिश की गई है।

आम जनता क्या कहती है ?

शहर के कई इलाकों में लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है, अगर पुरानी दरों पर ही प्रतिशत लगेगा तो ठीक है “लेकिन अगर बेस वैल्यू बढ़ी, तो यह छुपी हुई महंगाई है।

बड़ा सवाल

गौरतलब है कि क्या यह नया सिस्टम वाकई आम आदमी को राहत देगा, या फिर “प्रतिशत” के नाम पर टैक्स बढ़ाने का स्मार्ट तरीका साबित होगा ?

गाजियाबाद में हाउस टैक्स का यह नया अध्याय सिर्फ गणना का बदलाव नहीं, बल्कि शहर की आर्थिक और राजनीतिक दिशा तय करने वाला फैसला बन सकता है। आने वाले दिनों में इसका असली असर जनता की जेब पर साफ दिखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!