जयपुरिया सनराइज ग्रीन्स में 18 वर्षीय युवती ने 16वीं मंजिल से कूदकर दी जान ! मचा हड़कंप
पिता के साथ आई थी सोसाइटी

NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। इंदिरापुरम क्षेत्र स्थित जयपुरिया सनराइज ग्रीन्स सोसाइटी से आज तड़के एक बेहद दुखद और सनसनीखेज घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि एक 18 वर्षीय युवती ने सोसाइटी की 16वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली, जिससे पूरे परिसर में अफरातफरी और दहशत का माहौल बन गया। हालाँकि मृतका के परिजनों का आरोप है कि धक्का देकर उसकी हत्या की गयी है, और उन्होंने कई घंटे शव नहीं उठने दिया।
क्या है पूरा मामला ?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवती अपने पिता के साथ सुबह-सुबह सोसाइटी आई थी। उसके पिता सोसाइटी में कपड़े प्रेस करने का काम करते हैं। इसी दौरान युवती अकेले C टॉवर की लिफ्ट से 16वीं मंजिल पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी।
मौके पर मचा हड़कंप
घटना के समय सोसाइटी में बच्चों के स्कूल जाने का समय था, जिससे माहौल और अधिक भयावह हो गया। अचानक हुई इस घटना से निवासी स्तब्ध रह गए और पूरे परिसर में हड़कंप मच गया।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल ये मामला हत्या का है या फिर आत्महत्या का, इसका पता नहीं चल पाया है। पुलिस युवती के मोबाइल फोन की तलाश कर रही है, जिससे घटना के पीछे की वजह सामने आ सके।
इंदिरापुरम थाना प्रभारी ने बताया-
“हमें सुबह सूचना प्राप्त हुई कि एक युवती ने सोसाइटी की ऊंची मंजिल से छलांग लगाई है। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। युवती के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और मोबाइल फोन की तलाश जारी है। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है।”
कई सवाल खड़े
आखिर युवती ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया ?
क्या वह किसी मानसिक दबाव में थी ?
क्या यह हत्या का मामला है ?
क्या मोबाइल फोन से मिलेगा कोई अहम सुराग ?
पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
