सही और तथ्यात्मक खबरें ही तय करती हैं मीडिया की साख और जनता का विश्वास: योगी आदित्यनाथ
तथ्यों पर टिकी पत्रकारिता ही जीतती है जनता का भरोसा
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
गोरखपुर। योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी के शपथ ग्रहण समारोह में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और उसकी जिम्मेदारियों पर महत्वपूर्ण टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रिंट, विजुअल, डिजिटल और सोशल मीडिया के बीच बेहतर समन्वय समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एक ही तथ्य की अलग-अलग व्याख्या जन-मानस में भ्रम की स्थिति पैदा करती है, जो मीडिया की विश्वसनीयता को प्रभावित करती है।
सिविल लाइंस स्थित गोरखपुर क्लब सभागार में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता को आत्म-नियमन के साथ अपने मूल्यों और आदर्शों पर दृढ़ रहना होगा। उन्होंने जोर दिया कि भारतीय पत्रकारिता की 200 वर्ष पुरानी परंपरा राष्ट्र सेवा और समाज सेवा के मूल भाव से प्रेरित रही है, जिसे बनाए रखना आज और भी आवश्यक हो गया है।

मुख्यमंत्री ने मीडिया के एक ऐसे वर्ग पर भी चिंता जताई, जो भ्रामक सूचनाओं के माध्यम से समाज में अशांति फैलाने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि सही और तथ्यात्मक खबरें ही जन-विश्वास की नींव होती हैं और यही पत्रकारिता की सबसे बड़ी पूंजी है।
लोकतंत्र में संवाद की अहमियत पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि आलोचना को व्यक्तिगत रंजिश के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। स्वस्थ आलोचना ही व्यवस्था को मजबूत बनाती है और पत्रकारिता इस प्रक्रिया का महत्वपूर्ण स्तंभ है।
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने उदंत मार्तण्ड के प्रकाशन को ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया और इसके संस्थापक जुगुल किशोर शुक्ल के योगदान को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी पत्रकारिता ने लोकतंत्र को सशक्त बनाने का कार्य किया है।
कार्यक्रम में महात्मा गांधी, बाल गंगाधर तिलक, गणेश शंकर विद्यार्थी और अटल बिहारी वाजपेयी के पत्रकारिता योगदान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों ने पत्रकारिता को समाज परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाया।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार अपराध और भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर दृढ़ता से कार्य कर रही है और पत्रकारों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें आवासीय योजनाएं और कैशलेस चिकित्सा सुविधा शामिल हैं।
गोरखपुर की क्षेत्रीय महत्ता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि लगभग तीन करोड़ की आबादी शिक्षा, व्यापार और रोजगार के लिए इस शहर पर निर्भर है। ऐसे में यहां की पत्रकारिता की दिशा राष्ट्रहित और जन-जागरण को सुदृढ़ करने वाली होनी चाहिए।
समारोह में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने प्रेस क्लब की नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई। इस अवसर पर सांसद रवि किशन शुक्ल, विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष चारू चौधरी, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, दैनिक जागरण के स्थानीय संपादक मदन मोहन सिंह, अमर उजाला के स्थानीय संपादक विनीत सक्सेना, राष्ट्रीय सहारा के पीयूष बंका, दैनिक आज के अखिलेश चंद, स्वतंत्र चेतना के आनंद जी वैश्य सहित बड़ी संख्या में पत्रकारों की सहभागिता रही।
