दादरी के मंदिरों में आधी रात ‘चांदी चोर’ का हमला, CCTV में कैद वारदात !
नंगे पैर ‘चांदी चोर’ का आतंक, CCTV में खुली पोल
मंदिरों को निशाना बना रहा संगठित गिरोह ?
NEWS1UP
संवाददाता
ग्रेटर नोएडा/दादरी। शहर में एक बार फिर मंदिरों को निशाना बनाते हुए चोरों ने सनसनी फैला दी है। दादरी कस्बे के बिसाहड़ा रोड स्थित विशाल मंदिर और उससे सटे भैरों मंदिर में बीती आधी रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। खास बात यह है कि पूरी घटना मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है, जिससे पुलिस को अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
CCTV में कैद: नंगे पैर आया, ताला तोड़ा और चांदी लेकर फरार

CCTV फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि आधी रात के बाद एक शातिर चोर नंगे पैर मंदिर परिसर में दाखिल होता है। वह सीधे माता रानी के दरबार तक पहुंचता है और वहां लगे ताले को तोड़ देता है। इसके बाद वह बड़ी ही सफाई से दो चांदी के छत्र चुराकर फरार हो जाता है।
यही नहीं, उसी चोर ने पास स्थित भैरों मंदिर को भी नहीं छोड़ा और वहां से भी एक चांदी का छत्र चोरी कर लिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि एक ही चोर ने दोनों वारदातों को अंजाम दिया।
3 किलो से ज्यादा चांदी पर हाथ साफ
विशाल मंदिर समिति के अध्यक्ष जयभगवान मेंबर ने दादरी कोतवाली में घटना की तहरीर दी है। उनके अनुसार, मंदिर से चोरी हुए दोनों छत्रों का वजन तीन किलो से अधिक बताया जा रहा है, जिससे चोरी की गंभीरता और बढ़ जाती है।
पहले भी हो चुकी है ऐसी वारदात
गौरतलब है कि यह कोई पहली घटना नहीं है। बीते 25 जनवरी की रात को भी पास की एक कॉलोनी में स्थित खाटू श्याम मंदिर में चोरी हुई थी, जहां चोर दरबार के घंटे और ज्योति दीपक तक उठा ले गए थे। हालाँकि चोरी की उक्त वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया था। अब लगातार हो रही इन घटनाओं से यह आशंका गहराती जा रही है कि कोई संगठित गिरोह मंदिरों को टारगेट कर रहा है।
दादरी पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और CCTV फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
लगातार मंदिरों में हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन को तुरंत सख्त कदम उठाने चाहिए।
