नोएडा में एमिटी छात्र की संदिग्ध मौत: मां ने जताई हत्या की आशंका, दोस्तों पर गंभीर आरोप
निर्माणाधीन साइट के गड्ढे में डूबने से मौत या साजिश ?
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी सच्चाई, पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
नोएडा। सेक्टर-94 स्थित एक निर्माणाधीन सोसाइटी में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 23 वर्षीय छात्र हर्षित भट्ट की मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जहां एक ओर पुलिस इसे हादसा बता रही है, वहीं मृतक की मां ने इसे हत्या करार देते हुए बेटे के दोस्तों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
गुरुवार सुबह तीन डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमार्टम किया, जिसकी रिपोर्ट शाम तक आने की संभावना है। इस रिपोर्ट से मौत के असली कारणों पर से पर्दा उठने की उम्मीद है।
क्या है पूरा मामला ?
पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय से शारीरिक शिक्षा में स्नातक कर रहे हर्षित भट्ट परीक्षा खत्म होने के बाद बुधवार शाम अपने तीन दोस्तों, हिमांशु, व्यास और कृष के साथ सेक्टर-94 के पास पिकनिक मनाने गए थे।
बताया गया है कि चारों ने साथ बैठकर शराब पी, जिसके बाद हर्षित नशे की हालत में पास ही निर्माणाधीन सोसाइटी के पानी से भरे गड्ढे में नहाने चला गया और डूब गया।
मां का आरोप: मेरे बेटे की हत्या हुई है
मृतक की मां ने पुलिस को दिए बयान में कई गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि हर्षित शराब नहीं पीता था, उसके शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। उसके साथ मारपीट कर उसे गड्ढे में धक्का दिया गया। मां ने सीधे तौर पर हर्षित के दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया है।
रेस्क्यू ऑपरेशन और पुलिस का पक्ष

पुलिस उपायुक्त (जोन प्रथम) साद मियां खान के अनुसार:
हर्षित को बचाने के लिए उसके तीनों दोस्त भी गड्ढे में कूदे
वे भी डूबने लगे, जिन्हें आसपास मौजूद लोगों ने बाहर निकाला
सूचना पर NDRF, फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची
करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद हर्षित को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
साइट की सुरक्षा पर भी सवाल
पुलिस का कहना है कि गड्ढे के चारों ओर लगभग 8 फीट ऊंची बैरिकेडिंग थी, हालांकि एक हिस्सा खुला हुआ था, जिससे अंदर जाना संभव हुआ। यह लापरवाही भी अब जांच के दायरे में आ सकती है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट बनेगी ‘क्लू’
अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर चोटों की प्रकृति, मौत का वास्तविक कारण (डूबना या कुछ और), घटना के समय की स्थिति जैसे अहम तथ्यों का खुलासा हो सकता है।
हर एंगल से जांच जारी
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि
सभी दोस्तों से पूछताछ की जा रही है
मौके के हालात और घटनाक्रम की बारीकी से जांच हो रही है
परिजनों के आरोपों को भी गंभीरता से लिया जा रहा है
हादसा या साजिश ?
एक ओर पुलिस इसे नशे में हुआ हादसा मान रही है, तो दूसरी ओर परिवार इसे सुनियोजित हत्या बता रहा है। ऐसे में अब सबकी नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस रहस्यमयी मौत की असली कहानी सामने ला सकती है।
