नोएडा में श्रमिकों के उग्र प्रदर्शन के बाद गाजियाबाद हाई अलर्ट पर, बॉर्डरों पर कड़ी चौकसी
एनएच-09 से नोएडा बॉर्डर तक पुलिस की कड़ी निगरानी
औद्योगिक इलाकों में बढ़ाई गई सतर्कता
अफवाहों पर सख्त नजर
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। नोएडा में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हजारों श्रमिकों के उग्र प्रदर्शन के बाद गाजियाबाद पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए शहर में सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व रूप से मजबूत कर दिया गया है।

पुलिस उपायुक्त नगर धवल जायसवाल ने स्वयं मैदान में उतरकर इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त अभिषेक कुमार और भारी पुलिस बल के साथ एनएच-09 और सेक्टर-62 कट क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने मौके की स्थिति का जायजा लेते हुए साफ निर्देश दिए कि यातायात हर हाल में सुचारू रहे और किसी भी तरह की अव्यवस्था को तत्काल रोका जाए।
सूत्रों के मुताबिक, जायसवाल ने अधिकारियों को सख्त चेतावनी दी है कि छोटी से छोटी गतिविधि पर भी पैनी नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि हर अधिकारी अपनी जिम्मेदारी पूरी मुस्तैदी से निभाए, ताकि हालात नियंत्रण में रहें।
इधर, नोएडा में जारी श्रमिक आंदोलन के मद्देनज़र गाजियाबाद के सभी सीमावर्ती इलाकों, खासतौर पर नोएडा बॉर्डर और एनएच-09 पर पुलिस की तैनाती कई गुना बढ़ा दी गई है। चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है और हर आने-जाने वाले वाहन पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजकरण नैय्यर ने सभी एसीपी और थाना प्रभारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करें और कानून-व्यवस्था को हर हाल में बनाए रखें। साथ ही उन्होंने अफवाहों से बचने और आम जनता को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया।

शहर के इंडस्ट्रियल एरिया में भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसीपी नगर उपासना पांडेय के नेतृत्व में पुलिस लगातार राउंड पर नजर आ रही है। फैक्ट्रियों और आसपास के इलाकों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। जेसीओ और बीएसएफ की मौजूदगी से सुरक्षा व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ हो गई है।
पुलिस ने फैक्ट्री प्रबंधन और कर्मचारियों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। प्रशासन का साफ कहना है कि उनका उद्देश्य सिर्फ कानून-व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि आम लोगों के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम रखना भी है।
