चार्म्स कैसल में पानी संकट से हाहाकार, अब अन्य सोसाइटीयों के लिए भी खतरे की घंटी

0

मोटर फुंकने से ठप हुई सप्लाई, गिरते भू-जल स्तर ने बढ़ाई चिंता

निवासियों ने बिल्डर को दी आंदोलन की चेतावनी

NEWS1UP

संवाददाता

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित चार्म्स कैसल सोसाइटी में गुरुवार को अचानक पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया। सुबह से पानी की सप्लाई बंद होने पर सोसाइटी में अफरा-तफरी मच गई। पीने के पानी तक के लिए लोगों को बाजार से बोतलें खरीदनी पड़ीं, जबकि स्कूल जाने वाले बच्चों और ऑफिस जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बताया जा रहा है कि पानी की मोटर फुंक जाने से सप्लाई बाधित हुई। हालांकि, नाम न छापने की शर्त पर कुछ निवासियों ने दावा किया कि असली वजह तेजी से गिरता भू-जल स्तर है। उनका कहना है कि पानी का लेवल नीचे जाने से मोटर पर अतिरिक्त दबाव पड़ा, जिसके चलते वह जल गई।

स्थिति संभालने के लिए शुक्रवार सुबह से पानी के टैंकरों के जरिए सोसाइटी के टैंकों को भरवाया जा रहा है, लेकिन इसे केवल अस्थायी राहत माना जा रहा है।

निवासियों का कहना है कि हर साल गर्मियों में ऐसी समस्या सामने आती है, लेकिन इस बार गर्मी की शुरुआत में ही हालात बिगड़ गए हैं। लोगों को डर है कि यदि अभी यह स्थिति है, तो भीषण गर्मी में हालात और भयावह हो सकते हैं।

सोसाइटीवासियों ने बिल्डर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उनका आरोप है कि सोसाइटी में निर्माणाधीन अन्य टॉवरों के लिए भी मौजूदा टावर की सप्लाई से पानी लिया जा रहा है, जिससे संकट और गहरा रहा है।

चार्म्स कैसल का यह मामला अन्य सोसाइटीयों के लिए भी खतरे की घंटी बनकर उभरा है। गाजियाबाद के अधिकांश क्षेत्रों में पहले से ही गिरते भू-जल स्तर को लेकर चिंता जताई जा रही है। ऐसे में यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में कई रिहायशी इलाकों में जल संकट गहराने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि पानी की समस्या का जल्द स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!