गौर कैस्केड्स AOA चुनाव बना NCR की सोसाइटियों के लिए ‘लिटमस टेस्ट’

0

नवोदय बनाम संकल्प: एजेंडा, पारदर्शिता और भरोसे पर टिकी NCR की नजरें

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गौर कैस्केड्स सोसाइटी में होने वाला अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (AOA) चुनाव अब महज औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि “सिस्टम बनाम सवाल” की सीधी टक्कर में तब्दील हो चुका है। फाइनल उम्मीदवारों के ऐलान के साथ ही चुनावी सरगर्मी चरम पर है, जहां “टीम नवोदय” और “टीम संकल्प” के बीच कड़ा और निर्णायक मुकाबला तय माना जा रहा है।

दोनों टीमों ने उतारे मजबूत चेहरे

नवोदय टीम की ओर से पुनीत गोयल, दीपक शर्मा, मंजूषा गोयल, देवेन्द्र कुमार जैन, राघव रस्तोगी, नितिन कुमार, नीरज सिंह, सचिन तेवतिया, गौरव भाटिया और अंकित तायल मैदान में हैं। वहीं टीम संकल्प ने अशोक कुमार नरवाल, डॉ. अनुज कुमार राठी, विनोद तेजवानी, ऋषि विज, संजीव कुमार मलिक, अमित त्रेहान, वंदना शर्मा, विवेक कुमार कौशिक, निधि शर्मा और मोहित राठी को अपना उम्मीदवार बनाया है।

सोलर प्लान पर दांव: बिजली बचत और आत्मनिर्भरता का वादा

अपने समर्थकों के साथ घोषणा पत्र जारी करती ‘टीम संकल्प’

चुनावी मुकाबले का केंद्र बिंदु इस बार सिर्फ चेहरे नहीं, बल्कि ठोस एजेंडा बन गया है। टीम संकल्प ने अपने ‘की फोकस एरिया‘ के तहत सोसाइटी की छतों पर सोलर पैनल लगाने का प्रस्ताव रखा है। इसके जरिए बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी, कॉमन एरिया लाइटिंग में लगभग 70% तक बचत, पंप और क्लब हाउस संचालन में लागत नियंत्रण, तथा पावर कट के दौरान निर्बाध रोशनी सुनिश्चित करने का दावा किया गया है। साथ ही यह पहल टॉप फ्लोर फ्लैट्स को गर्मी से राहत देने, DG सेट पर निर्भरता घटाने और दीर्घकाल में मेंटेनेंस शुल्क पर दबाव कम करने का भी वादा करती है। 

इंफ्रास्ट्रक्चर, पारदर्शिता और विकास पर फोकस

समर्थकों के समक्ष अपना चुनावी एजेंडा रखती ‘नवोदय टीम’

दूसरी ओर, टीम नवोदय ने अपने घोषणा पत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर सुधार, सौंदर्यीकरण और दीर्घकालिक विकास को प्राथमिकता देने की बात कही है। हरित पहल, सोलर ऊर्जा, प्रभावी वेस्ट मैनेजमेंट, लंबित बिल्डर मुद्दों के समाधान, बिजली लोड वृद्धि, पारदर्शिता और ई-गवर्नेंस को मजबूत करने जैसे बिंदु इसके एजेंडे में शामिल हैं। इसके साथ ही स्मार्ट सिक्योरिटी सिस्टम, बेहतर मेंटेनेंस, महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए विशेष योजनाएं तथा सामुदायिक भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया है।

पिछले विवादों की छाया में चुनाव, जवाबदेही बना बड़ा मुद्दा

हालांकि मौजूदा बोर्ड इसे “लोकतांत्रिक महापर्व” करार देते हुए शांतिपूर्ण मतदान की अपील कर रहा है, लेकिन जमीनी हकीकत कहीं अधिक जटिल है। बीते एक वर्ष में नियमों की अनदेखी, पारदर्शिता पर सवाल और प्रबंधन की कार्यशैली को लेकर उठे विवादों ने इस चुनाव को असाधारण बना दिया है। यही कारण है कि यह मुकाबला अब केवल प्रतिनिधियों के चयन तक सीमित नहीं रह गया, बल्कि जवाबदेही और भरोसे की परीक्षा बन चुका है।

गौर कैस्केड्स का यह चुनाव अब एनसीआर की अन्य हाई-राइज सोसाइटियों के लिए भी एक “लिटमस टेस्ट” के रूप में देखा जा रहा है। निवासियों के साथ-साथ प्रशासनिक तंत्र की निगाहें भी इस पर टिकी हैं कि क्या यह प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और नियमों के अनुरूप संपन्न हो पाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!