सुरक्षा, विकास और पारदर्शिता पर वोटिंग, रविवार को खुलेगा भविष्य का रास्ता
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित गौर कैस्केड्स सोसाइटी में नए एओए बोर्ड के गठन के लिए रविवार को मतदान होगा। शुक्रवार शाम चुनाव प्रचार थमने के बाद अब दोनों प्रमुख पैनल व्यक्तिगत संपर्क के जरिए मतदाताओं को साधने में जुटे हैं। मुकाबला सीधा टीम संकल्प और नवोदय टीम के बीच माना जा रहा है।
इस बार का चुनाव कई मायनों में अहम माना जा रहा है, क्योंकि निवासी सुरक्षा, विकास, पारदर्शिता और भविष्य की सुविधाओं जैसे मुद्दों पर फैसला करेंगे। दोनों पक्ष अपने पिछले कार्यकाल के कामकाज और आगामी योजनाओं को आधार बनाकर समर्थन मांग रहे हैं।
Ai image
टीम संकल्प ने गिनाए पुराने कार्यकाल के काम
संकल्प टीम वर्ष 2019 से 2023 तक एओए की कमान संभाल चुकी है। टीम का दावा है कि उसके कार्यकाल में गौर कैस्केड्स को एनसीआर की अनुशासित और सुरक्षित सोसाइटी के रूप में पहचान मिली। टीम के अनुसार सोसाइटी में करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों में से 600 से अधिक कैमरे उनके कार्यकाल में लगाए गए।
इसके अलावा कूड़ा निस्तारण व्यवस्था को मजबूत करने, डीजी के फिक्स्ड चार्ज में बचत, कैपिटल मीटर की एएमसी लागत कम करने, डॉग पार्क, सुरक्षित किड्स एरिया, वरिष्ठ नागरिकों के लिए मनोरंजन सुविधाएं और हरियाली बढ़ाने जैसे कार्यों को भी प्रमुख उपलब्धि बताया जा रहा है।
नवोदय टीम ने विकास और लंबित मुद्दों पर रखा जोर
वहीं नवोदय टीम अपने कार्यकाल में सोसाइटी के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने, सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों को गति देने का दावा कर रही है। टीम का कहना है कि बिल्डर से जुड़े कई लंबित मामलों को सुलझाने की दिशा में काम किया गया।
नवोदय टीम स्वास्थ्य सेवाओं, वरिष्ठ नागरिक कल्याण और नई सामुदायिक योजनाओं को आगे बढ़ाने का वादा भी कर रही है।
निवासियों के फैसले पर टिकी नजरें
अब फैसला मतदाताओं के हाथ में है। रविवार का मतदान तय करेगा कि निवासी पुराने अनुभव पर भरोसा जताते हैं या नई प्राथमिकताओं के साथ नई दिशा चुनते हैं। गौर कैस्केड्स में चुनावी सरगर्मी के बीच सभी की नजरें नतीजों पर टिक गई हैं।