एसडीएम कोर्ट के फैसले के बाद डिप्टी रजिस्ट्रार ने हटाई रोक, महीनों से रुके काम होंगे शुरू !
Ai image
NEWS1UP
एओए/आरडब्ल्यूए डेस्क
गाजियाबाद। कौशांबी स्थित अंतरिक्ष ग्रीन्स सोसाइटी को बड़ी राहत मिली है। लंबे समय से विवादों में घिरे सोसाइटी के बैंक खातों को आखिरकार अनफ्रीज करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। यह आदेश डिप्टी रजिस्ट्रार फर्म्स, सोसाइटीज एवं चिट्स कार्यालय की ओर से जारी किए गए।
जानकारी के मुताबिक, 05 जून 2025 को यूपी अपार्टमेंट एक्ट 2010 एवं मॉडल बायलॉज 2011 की धारा-18 के तहत सोसाइटी के यूनियन बैंक, कौशांबी शाखा में संचालित खाते को फ्रीज कर दिया गया था। यह कार्रवाई बोर्ड कार्यकारिणी में पर्याप्त सदस्यों की कमी संबंधी शिकायत के आधार पर की गई थी।
मामले में नया मोड़ तब आया जब सोसाइटी के वर्तमान अध्यक्ष मोहम्मद नासिर और सचिव सुधा चौधरी ने 13 जून 2025 को डिप्टी रजिस्ट्रार कार्यालय में आपत्ति दाखिल की। उन्होंने दावा किया कि 11 जून 2025 को आयोजित बैठक में मतदान प्रक्रिया के जरिए रिक्त पदों को भर दिया गया था।
इसके बाद डिप्टी रजिस्ट्रार ने 17 सितम्बर 2025 को सोसाइटीज रजिस्ट्रेशन एक्ट 1860 की धारा 25(1) के अंतर्गत पूरे मामले को विहित प्राधिकारी/एसडीएम कोर्ट को भेज दिया था।
बीते 16 अप्रैल को एसडीएम कोर्ट ने अपने महत्वपूर्ण फैसले में मोहम्मद नासिर के अध्यक्ष पद के निर्वाचन को वैध करार दिया। फैसले की सत्यापित प्रति मिलते ही डिप्टी रजिस्ट्रार ने सोसाइटी के बैंक खातों को अनफ्रीज करने के आदेश जारी कर दिए।
इस फैसले के बाद सोसाइटी निवासियों में खुशी की लहर है। एओए सचिव सुधा चौधरी ने इसे “न्याय की जीत” बताते हुए कहा कि अब सोसाइटी के रुके हुए विकास कार्य तेजी से शुरू कराए जाएंगे और निवासियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
बंद खातों के खुलने के बाद सोसाइटी में मेंटेनेंस, सुरक्षा, सफाई, मरम्मत और अन्य विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से रुके कार्य अब जल्द पटरी पर लौट सकते हैं।