नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उद्घाटन की उलटी गिनती शुरू!
जेवर में ‘मेगा शो’ की तैयारियाँ तेज
पीएम मोदी की ऐतिहासिक रैली बनेगी लॉन्चपैड!
NEWS1UP
विशेष संवाददाता
नोएडा/जेवर। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब उद्घाटन की दहलीज पर है और जेवर में उत्साह चरम पर पहुंच चुका है। उत्तर भारत के सबसे बड़े एविएशन हब के रूप में उभर रहा यह एयरपोर्ट न सिर्फ उड़ानों का नया केंद्र बनने वाला है, बल्कि प्रदेश की विकास यात्रा में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर भी साबित होने जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, दिसंबर में ही किसी भी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एयरपोर्ट का उद्घाटन कर सकते हैं। इससे पहले परिसर और आसपास के क्षेत्रों में युद्धस्तर पर तैयारियाँ चल रही हैं। सूत्र बताते हैं कि डीजीसीए दिसंबर में ही एयरपोर्ट को बहुप्रतीक्षित एयरोड्रम लाइसेंस जारी कर सकता है। इस लाइसेंस को हरी झंडी मिलते ही एयरपोर्ट के उद्घाटन का रास्ता लगभग साफ हो जाएगा। यह लाइसेंस ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) द्वारा फाइनल सिक्योरिटी रिव्यू सहित पूरी जांच के बाद मिलता है। यह कंफर्म करता है कि एयरपोर्ट में सभी सुरक्षा, ऑपरेशनल और सिक्योरिटी स्टैंडर्ड पूरे किए गए हैं।
पहला चरण तैयार: दुनिया के टॉप एयरपोर्ट्स को देगा टक्कर
जेवर में बन रहे एयरपोर्ट का पहला चरण अब पूरी तरह तैयार है।1334 हेक्टेयर में फैले इस फेज मेंअत्याधुनिक टर्मिनल बिल्डिंग, हाई-टेक रनवे और टैक्सीवे, विशाल पार्किंग एरिया तथा यात्रियों के लिए वर्ल्ड-क्लास सुविधाएँ शामिल हैं। उद्घाटन का इंतज़ार खत्म होते ही यह एयरपोर्ट उत्तर भारत की एविशन मैप को नया रूप देने वाला है।
जनसभा को लेकर ‘मेगा इवेंट’ की तैयारी, भाजपा का 2027 मिशन भी जुड़ा
शुभारंभ को ऐतिहासिक बनाने के लिए जेवर में एक विशाल मैदान तैयार किया जा रहा है, जहाँ प्रधानमंत्री मोदी की भव्य जनसभा होगी। भाजपा इस कार्यक्रम को पश्चिमी यूपी की अब तक की सबसे बड़ी रैली के रूप में देख रही है। पंडाल लगाने का काम तेज़ी से चल रहा है और चार बड़े प्रवेश द्वार भी तैयार किए जा रहे हैं।
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि यह आयोजन भाजपा के मिशन 2027 का बड़ा लॉन्च इवेंट साबित हो सकता है।
वीवीआईपी मूवमेंट के लिए 5 हेलीपैड
एयरपोर्ट के एप्रेन क्षेत्र में पाँच हेलीपैड बनाए जा रहे हैं-
-
3 हेलीपैड पीएम मोदी के लिए
-
1 हेलीपैड सीएम योगी आदित्यनाथ के लिए
-
1 हेलीपैड राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के लिए
तेजी से हो रहा निर्माण यह संकेत देता है कि उद्घाटन समारोह पूरी तरह प्रीमियम सुरक्षा और प्रबंधन के साथ आयोजित किया जाएगा।
जनसंपर्क अभियान तेज, जेवर में उत्साह चरम पर

जेवर के भाजपा विधायक धीरेंद्र सिंह लगातार गांव-गांव जाकर लोगों को जनसभा के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। पार्टी का दावा है कि इस रैली में लाखों लोग शामिल होंगे और पश्चिमी यूपी की राजनीतिक जमीन नई दिशा लेगी।
स्थानीय लोगों में भी एयरपोर्ट के प्रति उत्साह साफ देखा जा रहा है, कई लोग इसे रोजगार, पर्यटन, निवेश और विकास के नए युग की शुरुआत मान रहे हैं।
