आज खुलेगा गंगा एक्सप्रेसवे: पीएम मोदी करेंगे लोकार्पण
594 किमी मेगा कॉरिडोर से मेरठ से प्रयागराज तक दौड़ेगा विकास
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे और आर्थिक विकास के लिए बुधवार का दिन ऐतिहासिक साबित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे। मेरठ से प्रयागराज तक फैला यह 594 किलोमीटर लंबा हाई-स्पीड कॉरिडोर प्रदेश के पश्चिमी और पूर्वी हिस्से को जोड़ते हुए विकास की नई रफ्तार देगा। इसे उत्तर प्रदेश की नई ‘लाइफलाइन’ माना जा रहा है।
यह एक्सप्रेसवे केवल सड़क परियोजना नहीं, बल्कि औद्योगिक निवेश, कृषि व्यापार, लॉजिस्टिक्स, रोजगार और क्षेत्रीय संतुलन को नई दिशा देने वाला मेगा कॉरिडोर है। इससे राज्य की अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और उत्तर प्रदेश को ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी की दिशा में मजबूती मिलेगी।
12 जिलों को सीधा लाभ, सफर होगा आसान
गंगा एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज सहित 12 अहम जिलों को जोड़ता है। इसके शुरू होने से इन जिलों के बीच यात्रा समय में भारी कमी आएगी। लंबी दूरी अब कम समय में, सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से तय की जा सकेगी।
माल परिवहन की लागत घटने से व्यापारियों, उद्योगों और किसानों को बड़ा फायदा होगा। कृषि उत्पादों को तेजी से बाजार तक पहुंचाने में यह एक्सप्रेसवे अहम भूमिका निभाएगा।

आधुनिक तकनीक से लैस मेगा प्रोजेक्ट
गंगा एक्सप्रेसवे को पीपीपी (DBFOT) मॉडल पर विकसित किया गया है। फिलहाल इसे 6 लेन में तैयार किया गया है, जिसे भविष्य में 8 लेन तक विस्तारित किया जा सकेगा। इसकी डिजाइन स्पीड 120 किलोमीटर प्रति घंटा रखी गई है।
एक्सप्रेसवे पर अत्याधुनिक सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिसमें-
इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS)
सीसीटीवी निगरानी
इमरजेंसी कॉल बॉक्स
एम्बुलेंस सेवा
पेट्रोलिंग वाहन
जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
शाहजहांपुर में एयरस्ट्रिप बनेगी रणनीतिक ताकत
इस परियोजना की सबसे बड़ी विशेषताओं में शाहजहांपुर के पास बनाई गई 3.2 किलोमीटर लंबी एयरस्ट्रिप है, जहां आपातकालीन स्थिति में वायुसेना के लड़ाकू विमान उतर सकेंगे। इससे यह एक्सप्रेसवे सामरिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण बन गया है।
औद्योगिक निवेश और रोजगार को मिलेगा बूस्ट
गंगा एक्सप्रेसवे के किनारे इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग एंड लॉजिस्टिक्स क्लस्टर (IMLC) विकसित किए जा रहे हैं। यहां वेयरहाउस, कोल्ड स्टोरेज, फूड प्रोसेसिंग यूनिट, मैन्युफैक्चरिंग हब और लॉजिस्टिक्स पार्क स्थापित होंगे।
सरकार द्वारा पूंजी सब्सिडी, एसजीएसटी रिइम्बर्समेंट, स्टांप ड्यूटी छूट और बिजली प्रोत्साहन जैसी सुविधाएं निवेशकों को आकर्षित करेंगी। इससे लाखों युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
यूपी बनेगा देश का सबसे बड़ा एक्सप्रेसवे नेटवर्क
गंगा एक्सप्रेसवे को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे और गोरखपुर लिंक एक्सप्रेसवे से जोड़ा जाएगा। इससे उत्तर प्रदेश देश का सबसे बड़ा इंटरकनेक्टेड एक्सप्रेसवे नेटवर्क वाला राज्य बन जाएगा।
पीएम मोदी करेंगे कई कार्यक्रमों में शिरकत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज हरदोई पहुंचेंगे, जहां वे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही यूपीडा की प्रदर्शनी का अवलोकन, पौधरोपण और जनसभा को संबोधित करेंगे।
