राहत की खबर: फिलहाल नहीं बढ़ेंगे दूध-दही-पनीर के दाम, सरकार ने कही बड़ी बात

0

तेल संकट के बीच आम जनता को राहत, डेयरी बाजार में नहीं बढ़ेगी महंगाई

NEWS1UP

भूमेश शर्मा

नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव, तेल-गैस सप्लाई बाधित होने और कच्चे तेल की कीमतें 92 से 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंचने के बीच देशवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार ने साफ किया है कि फिलहाल देश में दूध, दही, पनीर समेत डेयरी उत्पादों की कीमतों में कोई बढ़ोतरी नहीं होगी।

पूजा रुस्तगी, निदेशक, केंद्रीय पशुपालन और डेयरी विभाग

केंद्रीय पशुपालन और डेयरी विभाग की निदेशक पूजा रुस्तगी ने मंगलवार को बताया कि पश्चिम एशिया में जारी संकट के बावजूद देशभर में दूध की खरीद, प्रोसेसिंग और सप्लाई पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। बाजार में किसी तरह की कमी या आपूर्ति बाधा नहीं देखी गई है।

उन्होंने कहा कि दूध और डेयरी उत्पादों की कीमतें स्थिर हैं तथा डेयरी किसानों को भुगतान भी लगातार किया जा रहा है। सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है ताकि आम लोगों पर महंगाई का असर कम से कम पड़े।

पूजा रुस्तगी ने बताया कि पशुपालन और डेयरी विभाग ने सप्लाई चेन को सुचारु बनाए रखने के लिए कई सक्रिय कदम उठाए हैं। ट्रांसपोर्टेशन लागत बढ़ने और शिपिंग संकट के बावजूद दूध की उपलब्धता पर कोई असर नहीं पड़ा है।

तेल संकट के कारण जहां खाने-पीने की चीजों के महंगे होने की आशंका जताई जा रही है, वहीं डेयरी सेक्टर से आई यह खबर आम जनता के लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। फिलहाल उपभोक्ताओं को दूध, दही और पनीर के लिए अतिरिक्त कीमत नहीं चुकानी पड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!