एक्शन! नोएडा में अब फैक्ट्रियों पर पुलिस की सीधी नजर, बना नया DCP इंडस्ट्रीज पद
श्रमिक आंदोलन के बाद प्रशासन सख्त
15 हजार उद्योगों और लाखों कर्मचारियों पर रहेगी निगरानी
NEWS1UP
भूमेश शर्मा
नोएडा। हाल ही में हुए श्रमिक आंदोलन और हिंसक प्रदर्शन के बाद गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ा और ऐतिहासिक फैसला लिया है। अब नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों के लिए DCP (इंडस्ट्रीज) नाम से नया विशेष पद बनाया गया है। इसका मकसद फैक्ट्रियों में श्रमिकों के हितों की रक्षा करना, विवादों को समय रहते सुलझाना और औद्योगिक इकाइयों पर कड़ी निगरानी रखना है।

सूत्रों के मुताबिक, यह पहली बार है जब किसी औद्योगिक शहर में मजदूरों और कंपनियों के बीच बेहतर तालमेल के लिए अलग पुलिस व्यवस्था लागू की जा रही है।
टीम में कौन-कौन रहेगा ?
नई इंडस्ट्रीज पुलिस यूनिट में
1 DCP
1 ACP
3 इंस्पेक्टर
25 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे।
यह टीम नोएडा की 15 हजार से ज्यादा औद्योगिक इकाइयों पर नजर रखेगी। साथ ही करीब 2 लाख कंपनियों और 4 लाख श्रमिकों से सीधा संपर्क रखकर शिकायतों का त्वरित समाधान करेगी।
क्या होगा फायदा ?
श्रमिकों की समस्याओं का जल्द निस्तारण
हड़ताल और प्रदर्शन की नौबत कम होगी
कंपनियों में कानून व्यवस्था मजबूत होगी
श्रम कानूनों के पालन पर नजर रहेगी
पुलिस और इंडस्ट्री सेक्टर के बीच सीधा संवाद बनेगा
3 दिन में भेजा जाएगा स्थायी प्रस्ताव
जानकारी के अनुसार, इंडस्ट्रीज पुलिस सेल को तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। अब तीन दिनों के भीतर इसका स्थायी प्रस्ताव डीजीपी और गृह विभाग को भेजा जाएगा। जल्द ही विस्तृत SOP भी जारी होगी।
हिंसक आंदोलन के बाद यह फैसला

कुछ दिन पहले वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर हुए श्रमिक आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया था। कई वाहनों में आगजनी, तोड़फोड़ और पुलिस पर हमले की घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद सरकार और पुलिस प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए यह बड़ा कदम उठाया है।
