ऑफिसर्स सिटी-2 में धरना-प्रदर्शन पर उतरे निवासी: लिफ्ट, पार्किंग, गंदगी, सुरक्षा में लापरवाही पर फूटा ग़ुस्सा!
रेसिडेंट्स का अल्टीमेटम
समाधान दो या आंदोलन और तेज़ होगा
NEWS1UP
संवाददाता
गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित ऑफिसर्स सिटी-2 में रविवार को निवासियों का ग़ुस्सा खुलकर सामने आया। मूलभूत सुविधाओं के अभाव और मेंटेनेंस कंपनी की लापरवाही के खिलाफ दर्जनों रेसिडेंट्स सोसायटी गेट पर एकत्र हुए और बिल्डर एमआर प्रोव्यू रियलटेक प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए।
लिफ्ट सात दिन से बंद, बुजुर्ग, महिलाएँ बेहाल!
एओए अध्यक्ष गौरव सोनी ने बताया कि सोसायटी की एक मुख्य लिफ्ट पिछले सात दिनों से खराब पड़ी है।
सोनी का आरोप है कि-

“बुजुर्ग, महिलाएँ और छोटे बच्चे सीढ़ियों से आने–जाने को मजबूर हैं। कई बार शिकायत की, पर मेंटेनेंस टीम सिर्फ आश्वासन देती रही”
उन्होंने बताया कि 868 फ्लैट्स वाली सोसायटी में केवल 8–10 गेस्ट पार्किंग ही बनी हैं, जिससे रोजाना विवाद की नौबत आती है।
कूड़े का ढेर, बदबू और अस्वच्छता ने बढ़ाई परेशानी
बेसमेंट में कूड़ा जमा होने से बदबू असहनीय हो गई है। परिसर के कई हिस्सों में गंदगी के ढेर रहने से निवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। निवासियों का कहना है कि “मेंटेनेंस चार्ज हर महीने लिया जाता है, लेकिन उसके बदले सफाई और अपकीप का कोई सिस्टम ही नहीं दिखता।”
मेंटेनेंस मैनेजर ने समस्याएँ नकार दीं
मेंटेनेंस मैनेजर राहुल उपाध्याय ने इन आरोपों का खंडन किया। उनका कहना है कि “लिफ्ट री-इंस्टॉल की जा रही थी, इसलिए कुछ असुविधा हुई। अब सब ठीक है।” अन्य आरोपों को उन्होंने बेसिर-पैर की बातें बताते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया।
सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल
निवासियों के अनुसार सोसायटी की सिक्योरिटी व्यवस्था “लगभग भगवान भरोसे” चल रही है। प्रवेश–निकास गेट पर निगरानी ढीली है और कई बार शिकायत के बावजूद सुरक्षा में सुधार नहीं हुआ।
रेसिडेंट्स की दो टूक: सुविधाएँ बहाल करो, लापरवाही बंद करो
धरना प्रदर्शन के दौरान रेसिडेंट्स ने मांग की कि-
-
सभी लिफ्टों को तुरंत ठीक कर सुचारु संचालन में लाया जाए
-
सोसायटी की नियमित सफाई और कचरा निस्तारण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
-
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए
-
पार्किंग प्रबंधन को दुरुस्त किया जाए
धरने में एओए सचिव सुशील कुमार त्यागी, उपाध्यक्ष सत्यदेव सिंह, कोषाध्यक्ष रश्मि चित्रांशी, अमित गुप्ता, शेषन त्यागी, समरेश, दीपक हलदर, कुमुद चौहान, रोहित शर्मा, आनंद त्रिपाठी, रामअवतार गर्ग सहित बड़ी संख्या में निवासी मौजूद रहे।
निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन और भी बड़ा किया जाएगा।
